वाराणसी/चंदौली। 'एक रहोगे तो सेफ रहोगे', 'बंटोगे तो कटोगे', 'बांग्लादेश होश में आओ'… यूपी का वाराणसी- चंदौली बॉर्डर आज ऐसे ही नारों से गूंज उठा। हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने जब बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में नारे लगाए, इस दौरान लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। 

 


वाराणसी- चंदौली बॉर्डर पड़ाव स्थित दीनदयाल उपवन से 3 किमी तक हिंदू जन आक्रोश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा, पड़ाव दीनदयाल पार्क से होते हुए सुजाबाद, बहादुरपुर, मढ़िया, पड़ाव मार्केट आदि क्षेत्रों से होते हुए पड़ाव चौराहे पर पहुंची, जहां आक्रोशित भाव से हिन्दुओं ने बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री यूनुस का प्रतीकात्मक पुतला फूंका और अपना आक्रोश व्यक्त किया। 

 

 


बांग्लादेश सरकार को दी चेतावनी


इस जनआक्रोश यात्रा में बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग शामिल हुए। यात्रा के दौरान बच्चे, बड़े, बूढ़े सभी एकसाथ होकर चल रहे थे। सभी के हाथों में बांग्लादेशी हिन्दुओं के समर्थन में तख्तियां थीं। उन्होंने बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश सरकार हिन्दुओं पर अत्याचार बंद करे, अन्यथा वह दिन दूर नहीं, जब बांग्लादेश को दुनिया के नक़्शे से मिटना पड़ जाएगा। 

 

अभी तक UN ने चुप्पी क्यों साधी?


हिंदू संगठन के लोगों ने इस मामले में अभी तक UN और अन्य देशों की चुप्पी पर नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। जन आक्रोश यात्रा में रामभरोस पटेल, मोतीलाल, संतोष जायसवाल, बृजेश वर्मा, सुशील सिंह, आकाश देववंशी, विष्णु पटेल समेत बड़ी संख्या में हिंदू शामिल रहे।