जौनपुर। केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के थानागद्दी पुलिस चौकी के पास एक युवक की सिर कूंचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी और आक्रोश फैला दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दुकान से घर लौटने के बाद लापता
थानागद्दी गांव के 35 वर्षीय असलम पुत्र अलाउद्दीन पराऊगंज बाजार में चूड़ी-बिंदी की दुकान चलाते थे। मंगलवार की रात दुकान बंद कर वह घर लौटे, लेकिन एक फोन कॉल आने के बाद रात 8 बजे बाइक लेकर बाहर निकल गए। बुधवार सुबह केराकत मार्ग पर छोटेलाल विश्वकर्मा के खाली मकान में उनकी लाश मिली।

फॉरेंसिक टीम जुटा रही है साक्ष्य
मृतक के सिर, मुंह और शरीर पर गहरे घाव के निशान थे। घटना स्थल पर सीओ अजीत कुमार रजक, कोतवाल अवनीश कुमार राय, और चौकी प्रभारी विद्यासागर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक नगर अरविंद कुमार वर्मा ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
पिता ने दी हत्या की तहरीर
पहले मृतक की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन परिजनों ने बाइक देखकर असलम की पहचान की। मृतक के पिता अलाउद्दीन ने बताया कि असलम को दो दिन पहले धमकी मिली थी। उन्होंने बाजार के दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाकर न्याय की मांग की है।
पुलिस को रात में मिली थी बाइक
पुलिस को मंगलवार रात सड़क किनारे असलम की बाइक लावारिस हालत में मिली थी। बाइक को पुलिस चौकी ले जाया गया, लेकिन सुबह उसी जगह युवक की हत्या की जानकारी सामने आई।
इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल
इस जघन्य हत्या ने थानागद्दी और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैला दी है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

Comments (0)