जौनपुर। पत्रकार प्रेस क्लब (पीपीसी) के तत्वाधान में रविवार को कचहरी मुख्यालय स्थित पत्रकार भवन में होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सीतापुर में पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की हत्या पर गहरा रोष प्रकट करने के साथ हुई। पीपीसी के पत्रकारों ने प्रदेश सरकार से मांग की कि हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, मृतक की पत्नी को सुरक्षा दी जाए, साथ ही एक करोड़ रुपए मुआवजा और सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पाठक के नेतृत्व में जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया।


रंगों में सराबोर हुआ पत्रकारों और पुलिस अधिकारियों का मेल-मिलाप


सम्मेलन की शुरुआत के बाद पुलिस और पत्रकारों के बीच जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए गए। पीपीसी के पत्रकारों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जौनपुर के एसपी सिटी अरविंद वर्मा ने कहा कि होली केवल एक त्योहार ही नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल और आपसी सौहार्द बढ़ाने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रंगों का यह पर्व हमें आपसी भेदभाव भूलकर प्रेम और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने का संदेश देता है।


पत्रकारिता के योगदान को सराहा गया


कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि और पत्रकार प्रेस क्लब के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पाठक ने कहा कि पत्रकार समाज के प्रहरी होते हैं, जो निडरता और निष्पक्षता के साथ सच्चाई जनता के सामने रखते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता आज सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य भी है। उन्होंने सभी पत्रकारों से आग्रह किया कि वे निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का पालन करें।

 


पत्रकारों को किया गया सम्मानित


कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। एसपी सिटी अरविंद वर्मा ने उन्हें मोमेंटो और अंग वस्त्र भेंट कर उनकी सेवाओं की सराहना की। इसके अलावा, पत्रकार प्रेस क्लब के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज भूषण मिश्रा और जिलाध्यक्ष कृपाशंकर यादव ने प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पाठक को भी सम्मानित किया।


पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं – पंकज भूषण मिश्रा


पीपीसी के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज भूषण मिश्रा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज में जागरूकता बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का कर्तव्य है कि वे समाज में व्याप्त बुराइयों को उजागर करें और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करें। इसी क्रम में पीपीसी के जिलाध्यक्ष कृपाशंकर यादव ने भी पत्रकारों की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे समाज की समस्याओं को उजागर करने और प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंचाने का कार्य करते हैं।

 


बड़ी संख्या में पत्रकार हुए शामिल


इस आयोजन में जौनपुर जिले के प्रमुख पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में टीआई सुशील कुमार मिश्रा, रामजी जायसवाल, दीपक मिश्रा, मो. अब्बास, विवेक सिंह, अजीत सिंह, अरविंद पटेल, नवनीत यादव, नीरज सिंह, गुलजार अली, चंद्रशेखर, शिव विश्वकर्मा, कमलेश यादव, संजय यादव, आलोक सिंह, अभिषेक पांडे सहित दर्जनों पत्रकार उपस्थित रहे।


कार्यक्रम की अध्यक्षता पंकज भूषण मिश्रा ने की, जबकि संचालन अब्दुल हक अंसारी ने किया। इस होली मिलन एवं सम्मान समारोह ने पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द को और मजबूत करने का कार्य किया।