जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बाभनपुर तरहठी गांव में ई-रिक्शा चालक विकास पांडेय की हत्या उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी से करायी थी। पुलिस जांच में पता चला कि हत्या की साजिश उसकी पत्नी शिवानी ने अपने प्रेमी रवि चौरसिया के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने शिवानी और रवि को गिरफ्तार कर लिया है।
कॉल डिटेल से पुलिस को मिला सुराग
विकास पांडेय का शव 6 फरवरी को सरायममरेज थाना क्षेत्र के बरिया रामपुर पुलिया के पास मिला था। इस घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की। शनिवार को परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, जिससे पुलिस पर दबाव बढ़ गया।

सरायममरेज पुलिस ने कॉल डिटेल खंगालकर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया। सुराग मिलते ही पुलिस ने शिवानी और रवि को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पति के शक ने बढ़ाई मुश्किलें, प्रेमी संग मिलकर बनाई हत्या की योजना
पूछताछ में शिवानी ने बताया कि रवि चौरसिया से उसका प्रेम संबंध शादी से पहले से ही था। शादी के बाद भी वह रवि के साथ रहना चाहती थी, लेकिन पति और तीन बच्चों के कारण वह खुलकर ऐसा नहीं कर सकी। मायके जाने पर ही वह प्रेमी से मिल पाती थी, लेकिन पति विकास को इस रिश्ते पर शक होने लगा था। इसी वजह से शिवानी और रवि ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना डाली।
प्रेमी ने कुल्हाड़ी से किया हमला, मौके पर हुई मौत
हत्या की साजिश के तहत रवि चौरसिया ने विकास को सवारी छोड़ने के बहाने प्रयागराज के सोरों बुलाया। जब विकास वहां से लौट रहा था, तो रवि ने रास्ते में उसका ई-रिक्शा रुकवाया और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने शिवानी को फोन कर बताया कि "काम हो गया है" और बाइक से फरार हो गया।

पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
हत्या के बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ शुरू की, जिसमें पहले तो शिवानी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करती रही, लेकिन सवालों में उलझकर सच उगल दिया। इसके बाद पुलिस ने शिवानी और रवि चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सरायममरेज योगेश सिंह ने बताया कि हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी शिवानी और उसके प्रेमी रवि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हत्या से क्षेत्र में सनसनी, लोग हैरान
इस जघन्य अपराध का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग पत्नी द्वारा प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या करने के इस निर्मम कृत्य पर हैरानी जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Comments (0)