नई दिल्ली/पंजाब। एक कथित सेक्स स्कैंडल का खुलासा करने के बाद पत्रकार आरती टिकू सिंह और उनके सहयोगी रोहन दुआ को गिरफ्तारी की धमकी और दबाव का सामना करना पड़ा है। आरती टिकू के अनुसार, पंजाब पुलिस ने उन्हें और दुआ को गिरफ्तार करने का प्रयास किया, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के हस्तक्षेप के कारण यह कोशिश नाकाम रही।

 


घटना 9 अप्रैल की है, जब आरती टिकू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के ज़रिए इस पूरी स्थिति को सार्वजनिक किया। उन्होंने आरोप लगाया कि "द न्यू इंडियन" पोर्टल द्वारा एक आईपीएस अधिकारी से जुड़ी कथित सेक्स स्कैंडल की रिपोर्टिंग के बाद से उनकी टीम को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है।

 


"बिना नाम लिए भी दबाव क्यों?"


आरती ने लिखा, “हमारी रिपोर्ट में कहीं भी किसी अधिकारी का नाम नहीं लिया गया था, फिर भी वही संदिग्ध अधिकारी और उससे जुड़े लोग बार-बार फोन कर रहे हैं, धमकी दे रहे हैं और रिपोर्ट हटाने का दबाव बना रहे हैं। आखिर क्यों?”


उन्होंने दावा किया कि उनके सहयोगी रोहन दुआ को उस व्यक्ति द्वारा लगातार कॉल करके स्टोरी डिलीट करने और सोशल मीडिया पोस्ट हटाने का दबाव डाला जा रहा है। यही नहीं, आरती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी व्यक्ति न केवल एक आईपीएस अधिकारी है, बल्कि दिल्ली से आम आदमी पार्टी का पूर्व विधायक भी रह चुका है और कथित शराब घोटाले में उसका नाम भी जुड़ा है।

 


‘द न्यू इंडियन’ की रिपोर्ट और ऑडियो क्लिप्स का विवाद


'द न्यू इंडियन' ने कुछ समय पहले ऐसे ऑडियो क्लिप्स सार्वजनिक किए थे, जिनमें एक व्यक्ति और एक महिला के बीच कथित तौर पर यौन विषयों पर बातचीत रिकॉर्ड है।


पहले ऑडियो में, वह व्यक्ति महिला से एक एस्कॉर्ट की व्यवस्था करने के लिए कहता है और "थ्रीसम" के लिए उचित रेट को लेकर बारगेनिंग करता है। वह इस दौरान “पूरी तरह प्रोफेशनल” एस्कॉर्ट की मांग करता सुनाई देता है।


दूसरे ऑडियो में, वही व्यक्ति महिला से उसकी न्यूड तस्वीरें माँगता है। जवाब में महिला कहती है कि वह वर्दी बदलने के बाद फोटो भेजेगी। इस पर वह व्यक्ति तस्वीरों को व्हाट्सएप ग्रुप में डालने को भी कहता है।

 


हालांकि रिपोर्ट में आरोपी अधिकारी का नाम या पहचान उजागर नहीं की गई थी, लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर पंजाब पुलिस की कार्रवाई और राजनीतिक दबाव ने इस मामले को नया मोड़ दे दिया है।


सवालों के घेरे में पंजाब पुलिस और AAP सरकार


इस पूरे घटनाक्रम ने पंजाब पुलिस और राज्य सरकार की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि पुलिस की कार्रवाई किन आधारों पर की गई, जबकि पत्रकारों ने किसी की पहचान तक नहीं उजागर की थी।

 


आरती टिकू ने इस पूरे मामले को "पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हमला" बताया और कहा कि वे इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने देश की संवैधानिक संस्थाओं से इस मामले में निष्पक्ष जांच और पत्रकारों की सुरक्षा की मांग की है।