कासगंज। यूपी के कासगंज में 26 जनवरी 2018 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा के दौरान भड़की हिंसा में मारे गए चंदन गुप्ता के हत्याकांड में एनआईए कोर्ट ने 28 आरोपियों को दोषी करार दिया है। लखनऊ स्थित एनआईए कोर्ट के न्यायाधीश विवेकानंद शरण त्रिपाठी ने गुरुवार को इस मामले पर फैसला सुनाया। सभी दोषियों को शुक्रवार को सजा सुनाई जाएगी।
क्या थी घटना?
26 जनवरी 2018 को कासगंज में विश्व हिंदू परिषद, एबीवीपी और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने करीब 100 बाइकों के काफिले के साथ तिरंगा और भगवा झंडा लेकर यात्रा निकाली। इस यात्रा में 22 वर्षीय चंदन गुप्ता भी शामिल थे। प्रशासन ने यात्रा की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन इसके बावजूद ये कार्यकर्ता बड्डूनगर की मुस्लिम बहुल बस्ती में प्रवेश करने की कोशिश करने लगे, जहां गणतंत्र दिवस का एक कार्यक्रम पहले से चल रहा था।
नारेबाजी के बाद स्थिति बिगड़ गई और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान एक गोली चली, जो चंदन गुप्ता को लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनकी मौत की खबर फैलते ही कासगंज में हिंसा भड़क उठी।
हिंसा के दौरान लगाया गया था कर्फ्यू
चंदन गुप्ता के अंतिम संस्कार के बाद उपद्रवियों ने बसों में आग लगा दी और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। बाजार बंद कराए गए, और प्रशासन ने इलाके में पीएसी और पुलिस बल तैनात कर दिया। इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं।
27 जनवरी को सुबह चंदन का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा के दौरान भीड़ ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की और दुकानों में आगजनी की। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लागू किया और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए।
हत्या के बाद 30 बनाए गये आरोपी
चंदन की हत्या के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपियों के रूप में सलीम, वसीम, और नसीम नामक तीन भाइयों सहित 30 लोगों को आरोपी बनाया। दिसंबर 2018 में मामले की चार्जशीट दाखिल की गई और 2019 में ट्रायल शुरू हुआ। इस दौरान चंदन की बहन कीर्ति को लोकमित्र के पद पर नौकरी दी गई, लेकिन बाद में उन्हें हटा दिया गया।
2020 में दो मुख्य आरोपी वसीम और नसीम को जमानत मिल गई। परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और सुनवाई की मांग की। नवंबर 2021 में यह मामला लखनऊ की NIA कोर्ट को सौंप दिया गया।

30 आरोपियों में से 28 दोषी
एनआईए कोर्ट ने गुरुवार को मामले में 30 में से 28 आरोपियों को दोषी ठहराया। दो आरोपियों, नसरुद्दीन और असीम कुरैशी, को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया। दोषियों पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं 147, 148, 307/149, 302/149, 341, 336, 504, और 506 के तहत आरोप सिद्ध हुए।
दोषियों में सलीम, वसीम, नसीम, मुनाजिर, अकरम, शमशाद, और अन्य शामिल हैं। इनमें से एक आरोपी अजीजुद्दीन की मौत हो चुकी है। कोर्ट ने देशद्रोह से संबंधित धारा 124ए पर कोई फैसला नहीं दिया, क्योंकि यह सुप्रीम कोर्ट द्वारा निलंबित है।
चंदन का परिवार को न्याय की आस
चंदन गुप्ता के पिता सुशील गुप्ता एक निजी अस्पताल में मैनेजर हैं, जबकि मां संगीता गृहिणी हैं। भाई विवेक गुप्ता सरकारी राशन की दुकान चलाते हैं। परिवार ने शुरू से ही दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की थी।
चंदन की हत्या ने पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव पैदा कर दिया था। इस घटना ने पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। हालांकि, एनआईए कोर्ट के इस फैसले से चंदन के परिवार और समर्थकों को न्याय की उम्मीद जगी है।
शुक्रवार को कोर्ट दोषियों को सजा सुनाएगा। यह फैसला क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द्र बनाए रखने के लिए अहम होगा।

Comments (0)