वाराणसी। कुवैत से आकर बनारस में अपना बिजनेस शुरू करने का प्रवीण माधव सिंह का सपना अधूरा ही रह गया। कुवैत अग्निकांड में जान गंवाने वाले छतरीपुर क्षेत्र की मां गायत्री धाम कॉलोनी निवासी प्रवीण का पार्थिव शरीर शनिवार को वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा।
काशी के मणिकर्णिका घाट पर प्रवीण की अंत्येष्टि की गई। जहां मुखाग्नि उनके छोटे भाई अमन अनुराग सिंह ने दी। प्रवीण की नौ वर्ष की बड़ी बेटी मनीषा घर से आने जाने वाले लोगों से यही पूछती दिखी कि मम्मी दादी और बुआ क्यों रो रही हैं?
गाजीपुर जिले के गहमर थाना के करहिया गांव के मूल निवासी प्रवीण, कुवैत की एक कंपनी में सेल्स कोऑर्डिनेटर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के मुताबिक, प्रवीण आगामी दिसंबर महीने से बनारस में रहकर अपना बिजनेस शुरू करने की तैयारी करने वाले थे। उससे पहले ही बीते बुधवार को कुवैत में 6 मंजिला इमारत में लगी आग की जद में आ गए और सुबह उनकी मौत हो गई। शनिवार की सुबह प्रवीण का पार्थिव शरीर एयरपोर्ट लाया गया। प्रवीण के पार्थिव शरीर को लेने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार पिंडरा विकास पांडे और सीआईएसएफ के अफसर मौजूद रहे।
10 वर्ष से कुवैत में कर रहे थे काम
प्रवीण को उनके बड़े पिता तकरीबन 10 वर्ष पहले कुवैत लेकर गए थे। वह दो माह पहले अपने बड़े पिता के साथ वाराणसी आए थे और पैतृक गांव भी गए थे। मंगलवार की रात उन्होंने आखिरी बार पत्नी रूपा और बड़ी बेटी मनीषा से बात की थी।
पिता संभालेंगे बेटे का परिवार
प्रवीण की मौत की सूचना मिलने के बाद से उनकी पत्नी रूपा और मां मंजू सिंह की हालत बेसुध हो गई। छोटी बेटी जाह्नवी और मनीषा को उसके पिता की मौत के बारे में जानकारी नहीं है। वह घर आने जाने वाले लोगों से यही पूछती रह गई कि मम्मी दादी और बुआ क्यों रो रही है? उधर प्रवीण के पिताजी ने कहा कि बुढ़ापे में यही देखना बाकी रह गया था। फिर उन्होंने खुद को संभालते हुए कहा कि अब प्रवीण की बच्चियां और बहू मेरी जिम्मेदारी हैं। पूरे परिवार को साथ लेकर आगे बढ़ना है।
Comments (0)