वाराणसी। डोमरी में मां गंगा के तट पर आयोजित शिव महापुराण कथा का छह दिनों में लाखों श्रद्धालुओं ने श्रवण किया। सीएम योगी भी सोमवार को इस कथा में शामिल हुए। इस दौरान मंच के सामने लगभग 4 लाख लोग मौजूद रहे। 

 


कथा में प्रशासन के ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गये थे। श्रद्धालुओं के आवागमन से लेकर उनके रहने और खाने पीने की व्यवस्था आयोजकों के ओर से की गई थी। कथा स्थल पर जल और थल मार्ग से श्रद्धालु आवागमन कर रहे हैं। ललिता घाट समेत कई घाटों से लोग नावों के जरिए आ रहे हैं। 

 

 

हालांकि इस बीच कई श्रद्धालुओं को दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर इस तरह के कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें वहां की दुर्व्यवस्थाएं सामने आ रही हैं। बावजूद इसके व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालु संतुष्ट हैं।

 


इस मामले में कई श्रद्धालुओं का कहना है कि छोटे से आयोजन में भी कई तरह की शिकायतें आती हैं, इस तरह के बड़े आयोजन में थोड़ी बहुत समस्याएं आना साधारण सी बात है। लोगों का कहना है कि जहां लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं, वहां एक प्रकार से लोग अनुशाषित ही हैं। 


झारखंड से कथा सुनने आए शिवम नाम के एक भक्त  ने कहा कि महादेव की कृपा से ही इस तरह का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहा है। हम लोग यहां पिछले सात दिनों से परिवार संग कथा का श्रवण करने आए हैं। थोड़ी बहुत दिक्कतें तो आ ही रही हैं, लेकिन महादेव की कृपा से सब ‘आल इज वेल’ है। 

 


चेन्नई से आए वेंकट स्वामी ने कहा कि काशी की गरिमा ही है कि गंगा के तट पर इस तरह का आयोजन बिना किसी अप्रिय घटना के हो रहा है। कहा कि कथा के पहले दिन से यहां आए हैं। सब कुछ शिव की इच्छा से सकुशल हो रहा है। 

 


लोकल फॉर वोकल को मिल रहा बढ़ावा


बता दें कि कथास्थल से आधा किमी पहले तक कई तरह की दुकानें भी लगी हैं। जहां से लोग खिलौने, खाने पीने के सामान आदि की खरीदारी भी कर रहे हैं। इससे लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा तो मिल ही रहा है साथ ही स्थानीय दुकानदारों की आमदनी भी बढ़ रही है। उन्हें एक रोजगार भी मिल रहा है।