वाराणसी। बनारसी लंगड़ा आम की लोकप्रियता अब केवल भारत या अरब देशों तक सीमित नहीं रही। अब अमेरिका जैसे विकसित देश में भी इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है। इस वर्ष वाराणसी जिले के भिखारीपुर गांव से करीब 10 टन लंगड़ा आम अमेरिका के लिए निर्यात किया जाएगा, जिसकी तैयारी अंतिम चरण में है।
भिखारीपुर निवासी प्रगतिशील किसान शार्दुल विक्रम सिंह के आम के बाग से यह खेप निकाली जाएगी। शार्दुल पिछले पांच वर्षों से अपने बाग के आमों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचा रहे हैं। इस बार यूरोप की एक प्रतिष्ठित कंपनी ने अमेरिका के लिए उनके यहां से 10 टन आम की मांग की है।

आमों की तुड़ाई से पहले की प्रक्रिया, जिसे फेजिंग कहा जाता है, बाग में तेजी से चल रही है। पेड़ फलों से लदे हैं और हर आम को चुन-चुनकर तोड़ा जाएगा ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। इसके बाद इन आमों को करखियाव स्थित पैक हाउस में भेजा जाएगा, जहां निर्यात के लिए विशेष पैकिंग की जाएगी।
निर्यात की प्रक्रिया के तहत पहले आम की खेप ट्रकों के जरिये मुंबई भेजी जाएगी। वहां से विशेष विमान के जरिये इन्हें अमेरिका रवाना किया जाएगा।
एपीडा (एग्रीकल्चर एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी) के क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. सीबी सिंह ने बताया कि लंगड़ा आम का स्वाद और सुगंध दोनों ही इसे अन्य किस्मों से अलग पहचान दिलाते हैं। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी मांग हर साल बढ़ती जा रही है।

डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि किसान शार्दुल सिंह जैसे उत्पादकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए एपीडा हर संभव सहयोग दे रहा है। इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि हो रही है, बल्कि बनारसी आम को अंतरराष्ट्रीय मंच पर विशेष पहचान भी मिल रही है।
गौरतलब है कि बीते चार वर्षों में दुबई, शारजाह और लंदन जैसे देशों को भी वाराणसी से आम की खेप भेजी जा चुकी है। अब अमेरिका की बाजार में बनारसी स्वाद की दस्तक इस क्षेत्र के किसानों के लिए एक नई संभावनाओं का द्वार खोल रही है।

Comments (0)