चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के कोहड़ा बंधवापर गांव में एक रहस्यमय घटना सामने आई है। रविवार को लाइनमैन संजय यादव की 17 वर्षीय बेटी ममता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद पिता ने शव को अमादपुर गंगा घाट पर ले जाकर पानी में बहा दिया। वहीं, मृतका के नाना ने आरोप लगाया है कि ममता की दादी ने गला घोंटकर उसकी हत्या की है।
.jpeg)
मृतका के परिवार का बयान
संजय यादव की पत्नी मीता, सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के नागनपुर गांव निवासी हैं। संजय के तीन बच्चे हैं। इनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि ममता (17) और उसका भाई कन्हैया (13) गांव में रहते हैं। परिवारवालों के अनुसार, रविवार को ममता को उसकी दादी रामसती देवी ने मोबाइल चलाने को लेकर डांटा था। इसके बाद ममता गुस्से में पाही (आंगन के पास बने छप्पर) पर चली गई।
परिजनों का दावा है कि जब घर में कोई नहीं था, तब ममता ने रस्सी से फांसी लगा ली। परिवार के लोग जब तक लौटे, तब तक ममता की मौत हो चुकी थी। बेटी की आत्महत्या से घबराकर संजय यादव ने शव को अमादपुर गंगा घाट पर नदी में बहा दिया।
नाना ने लगाया दादी पर आरोप
मृतका के नाना ने आरोप लगाया है कि ममता की दादी ने गला दबाकर उसकी हत्या की। इस सूचना पर सीओ रघुराज और एसओ महेश सिंह ने गंगा में गोताखोरों की मदद से शव की तलाश कराई। हालांकि, देर शाम तक शव का कोई पता नहीं चल पाया।
क्या बोली पुलिस...
एसओ महेश सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर मामले की जांच जारी है। गोताखोरों की मदद से शव की तलाश की गई, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। परिवार और गांववालों से पूछताछ जारी है, और पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस अब आत्महत्या और हत्या दोनों आशंकाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Comments (0)