वाराणसी। भेलूपुर थाना अंतर्गत भदैनी क्षेत्र में शराब कारोबारी राजेंद्र गुप्ता और उनके परिवार की निर्मम हत्या के आरोपी विशाल गुप्ता उर्फ विक्की की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस अब तक नाकाम रही है। वारदात के 60 दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। फ़िलहाल पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई तेज करते हुए उसके घर डुगडुगी बजवाई और कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया।
मंगलवार को भेलूपुर थाना पुलिस ने भदैनी स्थित आरोपी विक्की के घर पर डुगडुगी बजवाई। पुलिस ने पड़ोसियों और परिजनों से विक्की की जानकारी मांगी, लेकिन सभी ने अनभिज्ञता जताई। पुलिस ने अदालत के आदेश को पढ़कर सुनाया और लोगों को बताया कि अगर विक्की ने आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उसकी संपत्ति कुर्क की जाएगी।

पांच राज्यों में तलाश, फिर भी सुराग नहीं
डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि विक्की की गिरफ्तारी के लिए यूपी, बिहार और तमिलनाडु समेत पांच राज्यों में पुलिस की दस टीमें जुटी हुई हैं। बावजूद इसके, अब तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है। पुलिस ने विक्की पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बढ़ाए जाने की संभावना है।

क्या था मामला?
भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी इलाके में शराब कारोबारी राजेंद्र गुप्ता और उनके परिवार की हत्या का मामला दो महीने पहले सामने आया था। पुलिस की जांच में आरोपी विक्की का नाम सामने आया, जो वारदात के बाद से फरार है।

वर्षों पुरानी दुश्मनी का सिलसिला
जानकारी के मुताबिक, इस हत्याकांड की कहानी की शुरुआत साल 1997 में हुई थी, जब राजेंद्र गुप्ता के छोटे भाई कृष्णा गुप्ता और उनकी पत्नी बबीता की हत्या स्वयं राजेंद्र ने कर दी थी। उनके बेटे विक्की और जुगनू उस समय राजेंद्र के संरक्षण में आ गए थे। हालांकि, रिश्तों में तनाव तब शुरू हुआ जब विक्की और राजेंद्र के बीच तनाव बढ़ने लगा। राजेंद्र अपने भतीजे विक्की से नाराज रहते थे लेकिन उसकी पढ़ाई-लिखाई का जिम्मा खुद उठाया।
घरेलू विवाद से शुरू हुआ टकराव
दो साल पहले एक घरेलू विवाद ने विक्की और राजेंद्र के रिश्ते में खाई और गहरी कर दी। विक्की, जो बेंगलुरु से बीटेक की पढ़ाई कर चुका था, घर में बेरोजगारी के कारण राजेंद्र के गुस्से का शिकार हो गया। एक दिन, नौकरी को लेकर हुई बहस इतनी बढ़ गई कि राजेंद्र ने अपने बेटे नमनेंद्र के साथ मिलकर विक्की की पिटाई कर दी। इस घटना के बाद विक्की ने घर छोड़ दिया और नौकरी की तलाश में बेंगलुरु चला गया। पुलिस की थ्योरी के अनुसार, इसी घटना से विक्की के अंदर बदले की भावना जाग गई।

हत्या की योजना और संदिग्ध गतिविधियाँ
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि विक्की ने घर छोड़ने के बाद परिवार के बाकी लोगों से भी बातचीत बंद कर दी थी। उसके भाई जुगनू ने पुलिस को बताया कि विक्की उससे भी बहुत कम बातचीत करता था और हर बार अलग-अलग नंबरों से संपर्क करता था। हत्या के बाद राजेंद्र के परिवार का पुलिस की देखरेख में अंतिम संस्कार कर दिया गया। विक्की के कॉल डिटेल रिकॉर्ड में तीन संदिग्ध नंबरों की जानकारी मिली थी, जो अब बंद हो चुके हैं और उनकी लोकेशन का कोई पता नहीं चल पा रहा है।
.jpeg)
आसनसोल में तलाशी
राजेंद्र गुप्ता की पहली पत्नी के बेटे आदित्य की तलाश में भी एक टीम आसनसोल (पश्चिम बंगाल) भेजी गई, लेकिन वहां से भी पुलिस को कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। जिस पते और मोबाइल नंबर के सहारे पुलिस आसनसोल पहुंची थी, वो सब बेबुनियाद निकला, क्योंकि आदित्य पहले ही वहां से किसी और जगह जा चुका था।

Comments (0)