लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) परिसर में रविवार को लगातार दूसरे दिन भी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रही। प्रशासन ने दो साल से अवैध रूप से संचालित हो रहे मदरसे को पूरी तरह ढहा दिया। इसके साथ ही 12 अवैध दुकानें और 40 झुग्गियों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
यह सभी अवैध निर्माण एक पुराने मजार के आसपास बने थे। मजार की सेवा में वर्षों से लगे अतीक अहमद ने बताया कि 646 साल पुरानी इस मजार को सुरक्षित छोड़ दिया गया है। हालांकि मजार से सटे अन्य अवैध निर्माणों को प्रशासनिक टीम ने जमींदोज कर दिया। नगर निगम की टीमें मौके पर मौजूद रहकर मलबे को हटाने के काम में लगी हैं।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनज़र लगभग 60 पुलिसकर्मी और यूनिवर्सिटी के 80 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए। गेट नंबर-1 और नेत्र रोग विभाग की ओर जाने वाले रास्ते को आमजन के लिए बंद कर दिया गया।
गौरतलब है कि शनिवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान भारी बवाल हुआ था। नाराज दुकानदारों ने पुलिस के सामने ही KGMU के प्रोफेसर और रेजिडेंट डॉक्टरों पर हमला कर दिया था। इस घटना में दो प्रोफेसर, एक असिस्टेंट प्रोफेसर और एक रेजिडेंट डॉक्टर घायल हो गए थे। हालात को संभालने के लिए मौके पर कई थानों की फोर्स और एक कंपनी पीएसी तैनात करनी पड़ी थी।

शाम होते-होते पुलिस और प्रशासन ने लोगों को समझाकर सामान निकालने का समय दिया, जिसके बाद शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक अवैध ढांचों को तोड़ने का अभियान चला।
डॉक्टरों का कहना है कि अवैध दुकानों और कब्जों को हटाने के लिए पिछले छह महीने से लगातार नोटिस दिए जा रहे थे, बावजूद इसके अतिक्रमण हटाया नहीं गया। अब प्रशासन सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर चुका है कि यूनिवर्सिटी की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं, मजार की देखरेख करने वाले अतीक अहमद ने कहा कि वे बचपन से इस मजार की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं अकेले कुछ नहीं कर सकता। कुछ साल पहले यहां एक मस्जिद भी थी, जिसे अवैध करार देकर गिरा दिया गया था। मेडिकल कॉलेज की बाउंड्री मजार परिसर से काफी दूर है।"
Comments (0)