लखनऊ के चारबाग स्थित होटल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस वारदात को पिता और बेटे ने मिलकर अंजाम दिया। पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता की तलाश की जा रही है।


मां और बहनों की बेरहमी से हत्या


डीसीपी रवीना त्यागी के अनुसार, आरोपी का नाम अरशद (24) है, जो अपने पिता बदरुद्दीन के साथ मिलकर इस हत्या में शामिल था। अरशद ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने 31 दिसंबर की रात अपनी मां आसमां और चार बहनों - आलिया (9), अक्सा (16), अल्शिया (19), और रहमीन (18) की हत्या की।

 


पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद अरशद होटल के कमरे में बैठा रहा। उसने खुद पुलिस को फोन करके घटना की सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो परिवार के सभी शव होटल के कमरे में पाए गए। मृतकों के गले और कलाई पर गहरे निशान थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या गला दबाने और कलाई काटने से की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद इस पर पुष्टि हो सकेगी।


पारिवारिक कलह बना हत्या का कारण


पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार आगरा के इस्लाम नगर, टेढ़ी बगिया, कुबेरपुर इलाके का निवासी था। 30 दिसंबर को परिवार के सात लोग आगरा से लखनऊ आए थे और चारबाग के पास नाका इलाके में स्थित होटल शरनजीत के कमरे नंबर 109 में ठहरे थे।


अरशद ने हत्या का कारण पारिवारिक कलह बताया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ऐसी कौन सी वजह थी, जिसने पूरे परिवार को खत्म करने के लिए मजबूर कर दिया।


पिता की तलाश और फॉरेंसिक जांच जारी


घटना के बाद से अरशद का पिता बदरुद्दीन फरार है। पुलिस ने बताया कि बदरुद्दीन ने आत्महत्या करने की बात कही थी और होटल से निकल गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। फॉरेंसिक टीम ने होटल के कमरे की जांच की और सबूत एकत्रित किए। कमरे को सील कर दिया गया है। बेडशीट, खून के धब्बे और अन्य सबूतों को जांच के लिए लैब भेजा गया है।

 


भीड़ और सीसीटीवी जांच


हत्या की खबर फैलते ही होटल और आसपास की गलियों में भीड़ इकट्ठा हो गई। होटल के अन्य कमरों में रुके मेहमानों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि परिवार की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।