लखनऊ। माफिया मुख्तार अंसारी की डालीबाग स्थित बेनामी संपत्ति को जब्त करने के आयकर विभाग के फैसले को नई दिल्ली स्थित निर्णायक प्राधिकारी ने वैध करार दिया है। इसके साथ ही यह संपत्ति अब सरकारी घोषित हो गई है।

 


वर्तमान में इस भूखंड पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) गरीबों के लिए फ्लैटों का निर्माण करा रहा है। आयकर विभाग ने 1 अक्तूबर 2023 को डालीबाग क्षेत्र में स्थित करीब 3234 वर्ग फुट की इस संपत्ति को अपने कब्जे में लिया था। यह भूखंड मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी के घर के सामने स्थित है, जिसे गाजीपुर निवासी तनवीर सहर ने 76 लाख रुपये में खरीदा था।

 


आयकर जांच में खुलासा हुआ कि यह संपत्ति पहले मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा अंसारी के नाम थी। वर्ष 2010 में इसे मुख्तार ने गणेश दत्त मिश्रा को बेचा और बाद में 2020 में तनवीर सहर के नाम कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि तनवीर की सेल डीड में जिन चेकों का उल्लेख किया गया था, वे कभी बैंक में जमा ही नहीं किए गए। इस फर्जी लेन-देन के उजागर होने के बाद आयकर विभाग ने इस संपत्ति को जब्त कर लिया, जिसे अब निर्णायक प्राधिकारी की मंजूरी मिल चुकी है।