वाराणसी। प्रयागराज के महाकुंभ मेले के अद्भुत आयोजन के साथ ही काशी विश्वनाथ की नगरी भी श्रद्धालुओं से भरी हुई है। महाकुंभ में संगम स्नान के बाद लाखों लोग बाबा विश्वनाथ और बाबा काल भैरव के दर्शन के लिए वाराणसी पहुंच रहे हैं। विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए इतनी भारी भीड़ उमड़ पड़ी है कि दर्शनार्थियों को मंदिर तक पहुंचने में 8-10 घंटे लग रहे हैं। केवल 1-2 सेकंड के दर्शन के लिए भक्त हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक, तीन दिनों में 35 लाख से अधिक श्रद्धालु काशी पहुंचे हैं।
.jpeg)
गोदौलिया से मैदागिन तक सिर्फ लोग ही लोग
वाराणसी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते गोदौलिया से लेकर मैदागिन तक का क्षेत्र मानव समुद्र में बदल गया है। गलियां, सड़कें और मंदिर परिसर सभी जगह भीड़ का मंजर देखने को मिल रहा है। काशी विश्वनाथ धाम में लगी लंबी कतारें बांसफाटक, चौक, नीचीबाग, और बुलानाला तक फैली हुई हैं। प्रशासन ने दर्शनार्थियों के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग और लाइनें बनाईं, लेकिन भारी भीड़ के चलते व्यवस्था चरमरा गई।

काशीवासियों के लिए बढ़ीं दुश्वारियां
स्थानीय निवासियों के लिए भी यह समय काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है। पांच किलोमीटर लंबे ट्रैफिक जाम के कारण लोग पैदल चलने को मजबूर हैं। प्रशासन ने कई क्षेत्रों को नो-व्हीकल जोन घोषित कर दिया है, लेकिन यह भीड़ को नियंत्रित करने में नाकाफी साबित हो रहा है।

होटल और लॉज पूरी तरह हाउसफुल
श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि वाराणसी के सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस फुल हो चुके हैं। इस भीड़ ने वाराणसी की अर्थव्यवस्था को बूस्ट किया है, लेकिन यातायात और क्राउड मैनेजमेंट को बड़ा झटका दिया है।
प्रयागराज से वाराणसी की ओर बढ़ रहा श्रद्धालुओं का रुख
29 जनवरी को मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज में 7-8 करोड़ लोगों के संगम स्नान की उम्मीद है। स्नान के बाद 50 लाख से अधिक लोग वाराणसी और अयोध्या का रुख कर सकते हैं। इससे काशी में पहले से ही उमड़ी भीड़ और बढ़ने की संभावना है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि मौनी अमावस्या पर 50 लाख श्रद्धालुओं के वाराणसी आगमन की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ कंट्रोल के लिए 5 हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
.jpeg)
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया बनाए गए
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने वाराणसी में 9 जगहों पर होल्डिंग एरिया बनाए हैं। इनमें स्कूल और कॉलेज शामिल हैं, जहां रुकने, खाने-पीने और ठंड से बचने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा है।
जिलाधिकारी ने खुद संभाली व्यवस्था
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने गंगा घाटों और विश्वनाथ धाम का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्था का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध होकर चलने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने भीड़ को नियंत्रित करने और रेहड़ी-पटरी वालों को हटाने के निर्देश दिए।
.jpeg)
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने लिया मोर्चा संभालने का जिम्मा
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने स्वयं सड़कों पर उतरकर व्यवस्था को नियंत्रित करने का काम किया। उनके साथ एडिशनल पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारी भी व्यवस्था को सुधारने में जुटे हैं। गोदौलिया से मैदागिन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने प्रशासन की तैयारियों को दी चुनौती
प्रशासन ने भीड़ को बांटने के लिए बैरिकेडिंग लगाई और लाइन को घुमावदार बना दिया, लेकिन भारी भीड़ के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो रही है। कई श्रद्धालु लाइन में लगने के बाद भी भ्रमित होकर दूसरी कतारों में पहुंच गए।
गंगा में नाव और क्रूज भी फुल
गंगा घाटों पर चलने वाली सभी नाव और क्रूज फुल हो चुके हैं। आरती देखने के लिए लोगों से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। प्रशासन ने रेट तय किए थे, लेकिन उनकी निगरानी न होने के कारण नाव मालिकों ने ज्यादा पैसे वसूले।
.jpeg)
भीड़ के चलते मंदिर के समय में हुआ बदलाव
विश्वनाथ धाम में भीड़ के कारण पहली बार सामान्य दिनों में मंदिर को रात 1 बजे तक खोला गया। इससे पहले यह व्यवस्था केवल महाशिवरात्रि और सावन के महीने में होती थी।
श्रद्धालुओं की प्राथमिक चिकित्सा के लिए निजी अस्पताल अलर्ट
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने निजी अस्पतालों को श्रद्धालुओं को प्राथमिक चिकित्सा निशुल्क देने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी अस्पतालों को बैनर लगाकर यह सूचना देने को कहा गया है।
प्रशासन की कड़ी मेहनत भी पड़ रही कम
श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक है कि प्रशासन के सारे प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। जाम और अव्यवस्था के कारण काशी में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
.jpeg)
काशी में देव दीपावली का रिकॉर्ड भी टूटा
महाकुंभ के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की संख्या ने काशी में देव दीपावली पर आने वाले लोगों का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। प्रशासन के लिए यह चुनौती भरा समय है, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह और श्रद्धा में कोई कमी नहीं आई है।
प्रशासन की अपील: धैर्य रखें, व्यवस्था का पालन करें
प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से अपील कर रहा है कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करें। उन्होंने यह भी कहा कि काशी की ऐतिहासिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।

Comments (0)