प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान मौनी अमावस्या पर बड़ा हादसा हो गया। बुधवार को प्रमुख स्नान से पहले मंगलवार आधी रात संगम तट पर भीड़ बेकाबू हो गई, जिससे भगदड़ मच गई। इस अफरातफरी में कई श्रद्धालु हताहत हुए हैं, जबकि कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं।


रात 2 बजे मची भगदड़, प्रशासन अलर्ट


जानकारी के मुताबिक, यह भगदड़ देर रात करीब 2 बजे हुई, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम तट पर स्नान के लिए पहुंचे थे। भारी भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग टूट गई, जिससे लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई श्रद्धालु फिसलकर गिर पड़े और कुछ लोग भीड़ में दबकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए महाकुंभ अस्पताल पहुंचाया गया।

 


अमृत स्नान पर रोक, अखाड़े वापस लौटे


भगदड़ की खबर मिलते ही मेला प्रशासन ने अखाड़ा परिषद से अमृत स्नान रोकने की अपील की। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविंद्रपुरी ने प्रशासन की अपील को मानते हुए फिलहाल अमृत स्नान स्थगित करने का निर्णय लिया। इसके बाद सभी अखाड़े अपने-अपने कैंपों में लौट गए। वहीं, श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए विशेष मार्ग बनाए गए हैं।


एनएसजी और सेना ने संभाला मोर्चा


स्थिति को काबू में लाने के लिए एनएसजी और सेना के जवानों को तैनात किया गया है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए 50 से अधिक एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। कुछ घायलों को श्रद्धालुओं ने मोटरसाइकिल से भी अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन का कहना है कि हालात अब नियंत्रण में हैं और किसी भी अफवाह से बचने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है।


पीएम मोदी ने सीएम योगी से ली जानकारी


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता देने के निर्देश दिए।

 


श्रद्धालुओं से संयम बरतने की अपील


महाकुंभ प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील की है। मौके से सामने आए वीडियो में महिलाओं और बच्चों के घायल होने की पुष्टि हुई है। संगम तट पर बेहोश हुए कई श्रद्धालुओं को अस्पताल भेजा गया है।


भारी भीड़ के कारण अखाड़ों ने रोका स्नान


अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्रपुरी ने बताया कि अत्यधिक भीड़ के कारण शैव अखाड़ों ने अमृत स्नान स्थगित कर दिया है। महानिर्वाणी और निरंजनी अखाड़ों के साधु-संतों ने भी स्नान टाल दिया है। हजारों की संख्या में नागा संन्यासी छावनी में ही रुके हुए हैं। परिषद का कहना है कि यदि हालात सामान्य हुए तो स्नान किया जाएगा, अन्यथा इसे पूरी तरह निरस्त कर दिया जाएगा।


स्थिति अब नियंत्रण में


प्रशासन के मुताबिक, हालात अब सामान्य हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान सतर्कता बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।