वाराणसी/चंदौली। दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर सदीसोपुर स्टेशन के पास रात करीब 1 बजे हथियारबंद अपराधियों ने लोकमान्य तिलक मुंबई जनता एक्सप्रेस में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। विरोध करने पर वाराणसी के मण्डुआडीह थाना क्षेत्र के भूलनपुर निवासी 40 वर्षीय कृष्ण मोहन उपाध्याय को गोली मार दी गई। 

 


घायल युवक के चचेरे भाई ओमप्रकाश उपाध्याय के अनुसार, दोनों पटना की एक कंपनी में जमीन सर्वे का काम करते हैं और पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन (मुगलसराय) की ओर जा रहे थे। ट्रेन की बर्थ एस2 कोच में 41 और 44 नंबर पर दोनों सो रहे थे। दानापुर से ट्रेन निकलते ही बोगी की लाइटें बंद हो गईं। रात करीब 1 बजे सदीसोपुर स्टेशन के पास चार-पांच अपराधी बोगी में घुस आए और बैग छीनने लगे। जब कृष्ण मोहन उपाध्याय ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर दो गोलियां चला दीं। 

 


एक गोली उनके दाहिने हाथ में लगी जबकि दूसरी गोली उनके सीने को छूकर निकल गई। इसके बाद अपराधी ट्रेन से कूदकर भाग निकले और दहशत फैलाने के लिए एक और गोली चलाई। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के आरा स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी और आरपीएफ ने घायल को उतारा और उन्हें आरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया। हालांकि परिजन उन्हें वाराणसी लेकर चले गए।