Markandey Mahadev:  काशी का कण-कण शंकर है। यहां के रग-रग में महादेव हैं। काशी में अनंतकाल से हजारों शिवालय हैं। हर शिवालय का अपना एक विशेष महत्त्व है। कहते हैं न कि काशी एक ऐसा शहर है, जहां लोग जीने से ज्यादा मरने के लिए आते हैं। सदियों से मान्यता रही है कि काशी में मरने से मोक्ष मिलता है।

 

 वाराणसी शहर से 30 किमी दूर एक ऐसा शिव मंदिर है, जहां काल की भी एक नहीं चलती। कालांतर में जहां से काल को भी खाली हाथ लौटना पड़ा था। वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर गंगा-गोमती संगम तट पर मार्कण्डेय महादेव (Markandey Mahadev) का मंदिर स्थित है। द्वादश ज्योतिर्लिंगों के समकक्ष इस धाम की चर्चा श्री मार्कण्डेय पुराण में भी की गई है।

 

पौराणिक कथाओं के अनुसार, मृकंडु और उनकी पत्नी मरुदवती नाम का एक जोड़ा था। वे भगवान शिव के अनन्य भक्त थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। उन्होंने भगवान शिव की पूजा करने का फैसला किया और एक दिन भगवान शिव उसकी आराधना से प्रसन्न हुए और दोनों को अपना दर्शन दिया। दंपति ने भगवान शिव से संतान प्राप्ति के लिए प्रार्थना की। भगवान शिव ने कहा कि आपके वैवाहिक जीवन में संतान सुख नहीं है। किन्तु आपने मेरी पूजा की है, इसलिए आपके सामने दो विकल्प हैं।

पहला यह कि आपको एक पुत्र की प्राप्ति होगी जिसकी उम्र 100 वर्ष होगी या एक असाधारण पुत्र जिसकी उम्र केवल 12 वर्ष होगी अर्थात् वह केवल 12 वर्ष तक जीवित रहेगा। दंपति ने भगवान शिव से 12 वर्ष की आयु वाले पुत्र की कामना की।

 

Markandey Mahadev: जब पूरे किए 12 वर्ष, महादेव ने आकर यमराज से बचाए प्राण

 

कुछ समय बाद, मरुदवती ने एक पुत्र को जन्म दिया और उसका नाम “मार्कण्डेय” (मृकंडु का पुत्र) रखा। यह असाधारण पुत्र बचपन में ही बहुत बुद्धिमान हो गया। वह हमेशा भगवान शिव की पूजा-आराधना में लीन रहता था। जब मार्कण्डेय ने अपने जीवन के 12 वर्ष पूरे कर लिए, तब यमराज उन्हें लेने के लिए पृथ्वी पर आए। उस समय मार्कण्डेय गंगा-गोमती संगम तट पर भगवान शिव (Markandey Mahadev) की पूजा कर रहे थे।

 

जब यमराज ने उसे अपने साथ चलने को कहा, तो वह बहुत डर गया और भगवान शिव से उसकी रक्षा करने को कहा। जैसे ही यमराज ने अपनी रस्सी लड़के पर फेंकी भगवान शिव प्रकट हो गए। यमराज के कठोर व्यवहार से भगवान शिव बहुत क्रोधित हुए। भगवान शिव ने मार्कण्डेय की जान बचाई और उन्हें 12 वर्ष की आयु के बाद भी जीवित रहने का आशीर्वाद दिया। उस समय भगवान भोलेनाथ ने अपने परम भक्त मार्कण्डेय ऋषि से कहा कि आज से जो भी भक्त इस स्थान पर आएंगे, वह मेरे साथ मार्कण्डेय की भी पूजा करेंगे।

भगवान शिव ने मार्कण्डेय जी को अमरत्व का आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस स्थान पर तुम्हारा धाम होगा जिसमें तुम्हारा स्थान मुझसे ऊँचा होगा। भक्तगण पहले तुम्हारी पूजा करेंगे फिर मेरी। तभी से यह अष्टधाम मार्कण्डेय महादेव (Markandey Mahadev) के नाम से प्रसिद्ध हुआ। मार्कण्डेय महादेव (Markandey Mahadev) धाम में आज भी पहले मार्कण्डेय जी जो गर्भ गृह में ताखे पर विराजमान हैं उनकी पूजा होती है फिर भगवान शिव की पूजा की जाती है।

 

Markandey Mahadev: सावन में उमड़ती है लाखों की भीड़

 

मार्कण्डेय महादेव (Markandey Mahadev) मंदिर में हर साल महाशिवरात्रि के अलावा सावन माह में बड़ी संख्या में कांवरिया बाबा का जलाभिषेक करते हैं। धाम में नियमित रूप से रुद्राभिषेक, श्रृंगार और पूजा अर्चना के अतिरिक्त संतान प्राप्ति के लिए हरिवंश पुराण का श्रवण और स्वास्थ्य लाभ और दीर्घ जीवन के लिए महामृत्युंजय अनुष्ठान कराने का विशेष महत्व है। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां दो दिवसीय मेला लगता है।

 

दूर-दराज से भक्तगण यहाँ अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए पहुंचते हैं। सावन मास में प्रतिदिन हजारों की संख्या में कांवरिया यहां पहुचते हैं। मान्यता है कि गंगा गोमती संगम स्थल से जल लेकर मार्कण्डेय महादेव (Markandey Mahadev) जी को अर्पित करने से सर्व सुख की प्राप्ति होती है।

भारत सरकार के संस्कृति विभाग व उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग द्वारा इस धाम के विकास के लिए विगत वर्षों में कई प्रोजेक्ट के तहत सुंदरीकरण किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आने लगे हैं। कैथी घाट, मार्कण्डेय महादेव (Markandey Mahadev) घाट पर बोटिंग, चिड़ियों को दाना खिलाने, तैराकी आदि का लुत्फ़ लेने वालों की संख्या में दिनोदिन इजाफा हो रहा है। पर्यटक परिजनों एवं बच्चों के साथ कैथी गंगा घाट से संगम घाट तक रिजर्व नाव द्वारा प्रवासी चिड़ियों को दाना खिलाते हुए गांगेय डॉल्फिन का भी अवलोकन करते हुए तैराकी का आनंद लेते हैं। युवाओं के समूह के लिए पिकनिक मनाने के लिए यह स्थान बहुत प्रचलित होता जा रहा है।