प्रयागराज। प्रयागराज के एक मदरसे में जाली करेंसी छापने के अलावा एक और गंभीर खुलासा हुआ है। यहाँ काप्रिंसिपल मौलवी मोहम्मद तफसीरुल आरीफीन बच्चों का ब्रेनवाश कर रहा था और उन्हें सिखाता था कि RSS देश का सबसे बड़ा आतंकी संगठन है।


28 अगस्त को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीम ने मदरसे में छापेमारी की। मौलवी के कमरे से कई आपत्तिजनक किताबें और तस्वीरें मिलीं, जिनमें RSS से संबंधित दस्तावेज और किताबें शामिल थीं। इन सामग्री के आधार पर ब्रेनवाश करने की गतिविधियों का खुलासा हुआ है।

 


IB ने इस मामले की जांच तेज कर दी है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी इस जांच की पुष्टि नहीं की है, लेकिन उन्होंने किताबों की मौजूदगी की बात स्वीकार की है। यह मदरसा अतरसुइया थाने से मात्र एक किलोमीटर दूर स्थित है।


मदरसे से प्राप्त किताबों में एक का नाम है "RSS देश का सबसे बड़ा आतंकवादी संगठन," जिसके लेखक SM मुशर्रफ, पूर्व पुलिस महानिरीक्षक (महाराष्ट्र) हैं। यह किताब उर्दू भाषा में लिखी गई है, और इसके हिंदी और मराठी अनुवाद भी उपलब्ध हैं।

 


मौलवी के कमरे से कई स्पीड पोस्ट की पर्चियाँ भी मिलीं, जिनके आधार पर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किसे और कहां भेजा जाता था। किताब में मुंबई के 26/11 हमले को हिंदू अटैक बताया गया है, और पाकिस्तान के डॉन अखबार ने इस किताब की तारीफ की थी। पुलिस किताब के हिंदी अनुवाद की प्रक्रिया कर रही है।

 


किताब में RSS को एक सांप्रदायिक संगठन बताते हुए आरोप लगाया गया है कि यह संगठन दलित और बहुजन युवाओं को जोड़ने के लिए झूठा प्रचार करता है। इसमें 20वीं सदी के हिंदू-मुस्लिम दंगों को ब्राह्मणवादियों का षड्यंत्र बताया गया है और यह भी कहा गया है कि RSS और अन्य ब्राह्मणवादी संगठन मुस्लिम आतंकवाद का डर फैलाने का काम कर रहे हैं।


84 साल पुराना है मदरसा


मदरसा जामिया हबीबिया करीब 84 साल पुराना है और बिना मान्यता के सोसाइटी रजिस्ट्रेशन पर चल रहा है। यहाँ 70 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, और बच्चे के रहने और खाने-पीने का भी प्रबंध है। पुलिस ने इस मदरसे में जाली करेंसी छापने के आरोप में जहीर खान, मौलवी तफसीरुल आरीफीन और दो अन्य को गिरफ्तार किया है।