वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और अपहरण के मामले में आरोपी त्रिलोकी नाथ गुप्ता उर्फ राजू गुप्ता की जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी। अभियुक्त पर धारा 363, 366, 376(3) भारतीय दंड संहिता और धारा 4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता के ओर से अभियुक्त की जमानत का विरोध अधिवक्ता बृजमणि मिश्र ने किया।

अदालत में अभियुक्त की ओर से पहली बार जमानत प्रार्थना पत्र पेश किया गया, जिसमें उसे न्यायिक हिरासत में रखने का जिक्र था। अभियुक्त के वकील ने दलील दी कि उसका मुवक्किल निर्दोष है और उसे गलतफहमी में आरोपी बनाया गया है। वकील ने बताया कि प्राथमिकी में घटना का समय दर्ज नहीं है और पीड़िता के बयान में भी बलात्कार की कोई स्पष्ट बात नहीं की गई। इसके अलावा, पीड़िता ने मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया।
अभियुक्त के वकील ने यह भी तर्क दिया कि आरोपी गरीब है और वह न्यायालय में नियमित रूप से उपस्थित होगा। अभियुक्त का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह 14 मार्च 2024 से जेल में बंद है। हालांकि, विशेष लोक अभियोजन ने अभियुक्त के खिलाफ गंभीर आरोपों का हवाला देते हुए जमानत का विरोध अधिवक्ता बृजमणि मिश्र ने किया। उन्होंने कहा कि अभियुक्त ने नाबालिग पीड़िता को बहला-फुसलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे, जो कानूनन अपराध है।
जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िता की उम्र 15 वर्ष है, जिसके कारण सहमति का कोई कानूनी आधार नहीं बनता। पीड़िता के बयान के अनुसार, आरोपी ने उसे सिंदूर और मंगलसूत्र पहनाकर पत्नी के रूप में स्वीकार किया था, लेकिन चूंकि वह नाबालिग थी, इसलिए सहमति मान्य नहीं है। मामले के गंभीर तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने जमानत याचिका को खारिज कर दिया।

Comments (0)