वाराणसी/चंदौली। रामनगर थाना क्षेत्र के सूजाबाद में मंगलवार को गंगा नदी में एक अज्ञात युवक का शव तैरते हुए देखा गया। जिसके बाद हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों की सहायता से शव की पहचान मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव निवासी 22 वर्षीय प्रिंस पटेल के रूप में की।
शव मिलने की खबर जैसे ही प्रिंस के परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। मृतक की मां और बहन का बुरा हाल है, और वे रो-रो कर बेसुध हो गईं। बताया गया कि प्रिंस परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और पिता के निधन के बाद घर की सारी जिम्मेदारी उसी पर थी।

घर से बाहर गया, फिर नहीं लौटा
परिजनों के मुताबिक, प्रिंस दो जनवरी को घर से जूते खरीदने के लिए निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तीन जनवरी को आदमपुर थाना पुलिस को तहरीर दी और मढ़िया गांव के कुछ लोगों पर प्रिंस को मारने-पीटने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि गांव में एक लड़की के जन्मदिन के दौरान लड़की के परिवार ने प्रिंस के साथ मारपीट की और उसे गायब कर दिया, इसके बाद उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ कर दिया गया था।

परिवार का आरोप: हत्या कर शव फेंका गया
परिवार ने आरोप लगाया कि प्रिंस की हत्या कर उसका शव गंगा नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने आरोपी परिवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Comments (0)