उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बिजली विभाग में तैनात SDO को ब्लैकमेल कर झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई। आरोप है कि एक युवती ने पहले SDO से फोन कॉल के जरिए दोस्ती की, फिर संबंधों को शादी तक ले जाकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। इस दबाव में आकर SDO ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित SDO के भाई की शिकायत पर युवती और उसके परिवार के तीन अन्य सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पीड़ित शावेज अल्वी बिजली विभाग के ट्रांसमिशन विभाग में एसडीओ के पद पर तैनात हैं और मुरादाबाद की हाइडल कॉलोनी में रहते हैं। उनके भाई मोहम्मद अफजल ने मझोला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में तबिंदा उर्फ गोसिया, उसके भाई अल्तमश, मामा और फूफा शकील को नामजद किया गया है।

 


फोन कॉल से शुरू हुई दोस्ती, फिर बढ़ा रिश्ता


शिकायत के अनुसार, 11 फरवरी 2025 को एक अनजान नंबर से शावेज को कॉल आया। कॉल करने वाली युवती ने अपना नाम तबिंदा बताया और कहा कि गलती से नंबर डायल हो गया। इसके बाद धीरे-धीरे बातचीत शुरू हुई, जो आगे जाकर WhatsApp चैट और मुलाकातों में बदल गई। आरोप है कि दोनों ने शादी करने की बात तक कर ली थी, लेकिन जब SDO ने शादी से इनकार कर दिया तो युवती ने 25 लाख रुपए की मांग शुरू कर दी।


ब्लैकमेलिंग और धमकियों का सिलसिला


शिकायतकर्ता ने बताया कि SDO ने जब शादी से मना किया, तो युवती ने उनकी पुरानी चैट्स और फोटो वायरल करने की धमकी दी। साथ ही यह भी कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वह उन्हें रेप के झूठे केस में फंसा देगी। यही नहीं, SDO के परिजनों ने भी युवती से मिलकर समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने और उसके घरवालों ने उन्हें भी धमकाया और मोटी रकम मांगी।

 


जहर खाकर दी जान देने की कोशिश


लगातार दबाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर शावेज अल्वी ने 10 मई को जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिवार वालों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी। अफजल का कहना है कि इससे पहले SDO ने दो लाख रुपये युवती को दे भी दिए थे, लेकिन ब्लैकमेलिंग थमी नहीं।


आरोपों पर युवती का जवाब


इस पूरे मामले में आरोपी युवती ने खुद पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि SDO ने उसे शादी का झूठा वादा करके भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया और अब पद का दुरुपयोग कर उसे और उसके परिजनों को झूठे केस में फंसा रहा है। युवती ने दावा किया कि उसके पास बातचीत और मुलाकातों से जुड़े कई चैट्स हैं, जो साबित करेंगे कि SDO ने ही उसे गुमराह किया।

 


जांच में जुटी पुलिस


मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर अरविंद कुमार सिंघल ने इस मामले की जानकारी से इनकार किया है, लेकिन यह जरूर कहा कि अगर ऐसा कुछ हुआ है तो उचित विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।


दिव्यांग कोटे से हुई थी SDO की भर्ती


पीड़ित SDO शावेज अल्वी दिव्यांग कोटे से बिजली विभाग में चयनित हुए थे। उनके भाई ने कहा कि वे मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं और अब न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।