वाराणसी के भेलूपुर थाना अंतर्गत भदैनी क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी राजेंद्र गुप्ता ने इस जघन्य अपराध के बाद मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की जा रही हैं।


मृतकों में राजेंद्र गुप्ता की पत्नी नीतू गुप्ता (45 वर्ष), बेटे नवनीत गुप्ता (25 वर्ष) और सुभेंदर गुप्ता (15 वर्ष), और बेटी गौरंगी गुप्ता (16 वर्ष) शामिल हैं। 

 


तांत्रिक के कारण हुई हत्या


बताया जा रहा है कि राजेंद्र गुप्ता तांत्रिक सलाह के प्रभाव में आ गया था, जिसमें उसे बताया गया था कि उसकी पत्नी उसकी तरक्की में बाधा बन रही है। इसी विचार से प्रेरित होकर उसने इस भयानक कदम को अंजाम दिया। पारिवारिक तनाव के चलते वह अक्सर दूसरी शादी की बात पर पत्नी से झगड़ता रहता था।


पहले से हत्या का आरोपी है राजेंद्र गुप्ता


राजेंद्र गुप्ता, जो पहले भी अपने पिता और गार्ड की हत्या के आरोप में शामिल रहा है, वाराणसी के भदैनी क्षेत्र में स्थित मकान में रहता था। उसके घर में करीब 15-20 किरायेदार रहते हैं, लेकिन किसी को भी इस वारदात का अंदेशा नहीं हुआ। घटना के समय घर में मौजूद उसकी वृद्ध मां भी वहां थीं, परंतु अपनी उम्र और स्वास्थ्य की वजह से वे हिलने-डुलने में असमर्थ हैं।


सोते समय हुई हत्या


घटना की सूचना मिलते ही भेलूपुर थाने के इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है, और आरोपी के मोबाइल को ट्रेस कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। डीसीपी काशी ज़ोन गौरव बंशवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का मुद्दा सामने आया है। हत्या को सोते समय अंजाम दिया गया था, और आरोपी की तलाश जारी है।


इलाके में सनसनी


हत्या की खबर से आस-पास के लोग स्तब्ध हैं। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी और स्थिति को नियंत्रित करने में सहायता की। पुलिस इस घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ा जा सके।