मेरठ की मुस्कान और औरेया की प्रगति के बाद अब मुजफ्फरनगर की पिंकी का कारनामा सामने आया है। जिसने अपने पति को कॉफ़ी में ज़हर मिलाकर दे दिया। फ़िलहाल महिला के पति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस महिला के बॉयफ्रेंड की तलाश कर रही है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


मुजफ्फरनगर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो साल पहले शादी के बंधन में बंधी एक महिला ने अपने पति की हत्या की साजिश रचते हुए उसे जहर दे दिया। मामला पिंकी उर्फ सना और उसके पति अनुज शर्मा का है। अनुज मेरठ के एक निजी अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर कार्यरत है, उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अब उसकी तबीयत में सुधार है। पुलिस ने पिंकी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसके प्रेमी की तलाश जारी है।

 


शादी के बाद भी प्रेमी से संपर्क में थी पिंकी


जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद की रहने वाली पिंकी की शादी दो साल पहले 9 फरवरी 2023 को धूमधाम से हुई थी। शुरुआत में सबकुछ ठीक लग रहा था, लेकिन जल्द ही पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे। पिंकी का व्यवहार अजीब था—वह न तो घर के कामों में हाथ बंटाती थी और न ही परिवार से ज्यादा बातचीत करती थी। अनुज पूरे दिन ऑफिस में व्यस्त रहता, जबकि पिंकी घंटों अपने फोन में लगी रहती थी।


परिवार को पहले लगा कि नई शादी के कारण वह अपने मायके से ज्यादा बात करती है, लेकिन जब यह सिलसिला महीनों तक जारी रहा तो शक होने लगा। अनुज ने एक दिन अपनी बहन पूनम से अपने दिल की बात साझा की और बताया कि पिंकी का किसी वासू नाम के युवक से अफेयर चल रहा है।


मोबाइल में मिले अश्लील चैट और तस्वीरें


अनुज ने अपनी पत्नी के मोबाइल में प्रेमी के साथ उसकी अंतरंग तस्वीरें और मनाली ट्रिप की फोटोज देखीं। जब उसने पिंकी से इस बारे में सवाल किया तो उसने झगड़ा करना शुरू कर दिया। काफी बहस के बाद पिंकी ने कबूल किया कि वह अपने रिश्तेदार के बेटे वासू के साथ पिछले पांच सालों से प्रेम संबंध में है और यह शादी उसने परिवार के दबाव में आकर की थी।


अनुज ने उसे प्रेमी से बात करने से मना किया, लेकिन पिंकी नहीं मानी। धीरे-धीरे दोनों के बीच झगड़े बढ़ते गए। कभी वह ससुराल में रहती तो कभी मायके चली जाती। दो साल की शादीशुदा जिंदगी में उसने महज सात महीने ही पति के साथ बिताए।

 


पति को हटाने की रची साजिश


जब विवाद अधिक बढ़ गया तो पिंकी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामला महिला थाने में पहुंचा और काउंसलिंग के बाद 22 मार्च को वह एक महीने के लिए ससुराल लौट आई।


शादी के दो साल पूरे होते-होते पिंकी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अनुज को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। उसने अपने प्रेमी से 1.42 घंटे तक वीडियो कॉल पर बातचीत कर पूरी साजिश रची। 25 मार्च को अनुज के ड्यूटी से लौटने के बाद उसने उसे कॉफी में जहर मिलाकर दे दिया।


कॉफी पीते ही बिगड़ी अनुज की तबीयत


कॉफी पीते ही अनुज की हालत बिगड़ने लगी। वह बेहोश होकर गिर पड़ा, लेकिन पिंकी ने मदद के लिए किसी को नहीं बुलाया। उसकी मां ने मोहल्ले वालों को बुलाया और दोस्त अनुज को अस्पताल ले गए। पहले खतौली में इलाज हुआ, फिर हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।

 


पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा


जांच के दौरान पुलिस को पिंकी के फोन से व्हाट्सऐप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग मिली, जिससे साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने पिंकी और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है।


सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि हमें 25 मार्च को सूचना मिली कि पत्नी ने पति को जहर दिया है। पति की हालत गंभीर थी, लेकिन अब वह खतरे से बाहर है। मामले में आरोपी पत्नी पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसके प्रेमी की तलाश जारी है।


अनुज की बहन पूनम का कहना है कि मेरे भाई ने अपनी पत्नी को बहुत समझाया, लेकिन उसने धोखा दिया। वह मेरे भाई की हत्या की साजिश रच रही थी। हमने पुलिस को सभी सबूत दे दिए हैं और उम्मीद है कि उसे सख्त सजा मिलेगी। पुलिस अब पिंकी और उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।