वाराणसी/प्रयागराज। काशी के ज्ञानवापी परिसर में स्थित वजूखाने के आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) द्वारा सर्वेक्षण की याचिका पर मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता राखी सिंह की ओर से 2023 में किए गए ASI सर्वे की रिपोर्ट कोर्ट में पेश की गई। मामले की अगली सुनवाई 8 नवंबर को दोपहर 2 बजे निर्धारित की गई है।

 


इससे पहले, 1 अक्टूबर को हुई सुनवाई में हिंदू पक्ष की ओर से लक्ष्मी देवी ने हलफनामा दाखिल किया था और साथ ही ASI के साइंटिफिक सर्वे की मांग की थी। मुस्लिम पक्ष ने लक्ष्मी देवी की अर्जी का जवाबी हलफनामा दाखिल किया था। बाद में अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद कमेटी ने भी कोर्ट में अपनी दलीलें प्रस्तुत की थीं। वहीं, राखी सिंह ने मुस्लिम पक्ष के जवाब का अपना प्रत्युत्तर दाखिल किया था।

 


अब अगली सुनवाई में दोनों पक्षों के वकील अपनी दलीलें पेश करेंगे। इस मामले में, श्रृंगार गौरी केस की मुख्य वादी राखी सिंह ने जिला अदालत के उस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट द्वारा यथास्थिति बनाए रखने के आदेश के चलते अदालत ने हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था। राखी सिंह का तर्क है कि जिस तरह ज्ञानवापी परिसर का ASI सर्वे हुआ है, उसी तरह सील किए गए वजूखाने का भी सर्वे आवश्यक है।

 


दो वर्ष पहले सील हुआ था वजूखाना


ज्ञात हो कि 2 साल पहले कथित शिवलिंग मिलने के बाद वजूखाने को सील कर दिया गया था। हिंदू पक्ष इसे शिवलिंग मानता है, जबकि मुस्लिम पक्ष का दावा है कि वह फव्वारा है। अब तक ASI ने ज्ञानवापी परिसर का सर्वे किया है, लेकिन वजूखाने का सर्वे नहीं हो पाया है क्योंकि यह हिस्सा अदालत के आदेश पर सील है।

 


कोर्ट ने मुस्लिम पक्ष से मांगा था जवाब


कोर्ट ने पहले मुस्लिम पक्ष को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था कि वजूखाने का सर्वे क्यों न कराया जाए। इस पर मस्जिद कमेटी ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए जवाब दाखिल किया था। अब 8 नवंबर को दोनों पक्षों के वकील अपनी दलीलें प्रस्तुत करेंगे।