वाराणसी। पाकिस्तान यात्रा और काशी के लगातार दौरों के बीच एक चौंकाने वाला ट्रेंड सामने आने के बाद यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की गहन जांच के घेरे में आ गई हैं। एजेंसी ने उसे हाल ही में हिसार की सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में भेजा है और अब उसे पूछताछ के लिए वाराणसी लाने की तैयारी कर रही है।


ज्योति मल्होत्रा का यूट्यूब चैनल 'ट्रैवल विद जो' एक आम ट्रैवल व्लॉग की तरह लगता था, लेकिन 2022 से उसके पाकिस्तान और वाराणसी के बीच बने यात्रा पैटर्न ने जांच एजेंसियों को चौंका दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 के बाद ज्योति चार बार पाकिस्तान गई और हर बार उसकी यात्राओं के पहले या बाद में वाराणसी की यात्रा दर्ज की गई। इन यात्राओं के दौरान उसने कई धार्मिक और संवेदनशील स्थलों के वीडियो बनाए, जिन्हें उसने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किया।


जांच के दायरे में काशी की बार-बार विजिट


NIA को संदेह है कि क्या ज्योति वाराणसी में किसी विशेष मकसद से आ रही थी और क्या वह किसी के निर्देश पर चुनिंदा स्थानों के वीडियो बनाकर साझा कर रही थी। यही कारण है कि अब एजेंसी की जांच की परिधि काशी तक फैल गई है।


ज्योति को 26 मई को हिसार की अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। इससे पहले 9 दिन की पुलिस रिमांड में उससे पूछताछ की गई थी, जिसमें जासूसी से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई हैं। दो बार की रिमांड के दौरान NIA सहित अन्य केंद्रीय एजेंसियां भी उससे पूछताछ कर चुकी हैं।

 


पारिवारिक पृष्ठभूमि और शुरुआती जीवन


ज्योति का परिवार मूल रूप से पाकिस्तान से आया हुआ है। भारत-पाक विभाजन के समय उनका परिवार फरीदकोट (संयुक्त पंजाब) आया था, फिर कुछ समय बाद हिसार में बस गया। ज्योति के पिता ने बाद में हिसार की न्यू अग्रसेन कॉलोनी में एक छोटा सा घर बनवाया था। इस पारिवारिक पृष्ठभूमि को भी जांच एजेंसियां ध्यान में रख रही हैं।


पहलगाम हमले के बाद बढ़ी निगरानी


मार्च 2025 में ज्योति पहलगाम गई थी, जहाँ से वह पाकिस्तान चली गई। इसके बाद अप्रैल में पहलगाम में आतंकी हमला हुआ। इस संदर्भ में ज्योति ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा था, “जो भी आतंकवादियों की मदद करता है, वह भारतीय नहीं हो सकता।” हालांकि, यही वीडियो एजेंसियों की नजर में आया और संदेह गहराता गया कि क्या ये बयान खुद को बचाने के लिए दिया गया या किसी दबाव में?


जांच में ये भी सामने आया है कि जनवरी 2025 में ज्योति ने काशी के विभिन्न स्थलों का भ्रमण किया था और फरवरी में कश्मीर, फिर पाकिस्तान रवाना हो गई थी। उसके बनाए वीडियो में पहलगाम, गुलमर्ग, डल लेक और लद्दाख की पैंगॉन्ग झील तक की विजिट शामिल थी।


ट्रेन के पायलट केबिन से क्लोज-अप वीडियो


दिसंबर 2023 की उसकी वाराणसी यात्रा भी जांच के घेरे में है। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखा रहे थे और उसी ट्रेन में ज्योति भी मौजूद थी। उसने उद्घाटन यात्रा के दौरान ट्रेन के पायलट केबिन से वीडियो बनाए और क्लोज-अप शॉट्स यूट्यूब पर अपलोड किए। इस हरकत को भी संदिग्ध माना जा रहा है, खासकर जब वह एक आम यात्री नहीं थी।


एजेंसियों के सामने खड़े सवाल


अब NIA कुछ अहम सवालों की तह में जाना चाहती है—


•    क्या ज्योति को चुनिंदा स्थानों पर जाकर वीडियो बनाने के निर्देश दिए गए थे?


•    उसके द्वारा शूट किए गए वीडियो आतंकवादियों को किसी तरह की मदद पहुंचाते हैं या नहीं?


•    क्या यह सब अनजाने में हुआ या पूरी तरह किसी योजना के तहत?


ज्योति के पाकिस्तान में बनाए गए वीडियो भी एजेंसियों की जांच का हिस्सा हैं। उसने वहां रह रहे हिंदुओं को लेकर सहानुभूतिपूर्ण वीडियो बनाए थे, जिसे 'सांस्कृतिक सौहार्द' का नाम दिया गया। लेकिन अब यही वीडियो उसके खिलाफ सबूत बनते दिख रहे हैं।