वाराणसी। देश के फेमस उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी सोमवार को अपने बेटे अनंत अंबानी की शादी का निमंत्रण पत्र लेकर काशी पहुंची। यहां उन्होंने मां गंगा व काशी पुराधिपति बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन पूजन कर उन्हें बेटे की शादी का निमंत्रण सौंपा। 

 

 

नीता अंबानी ने विधि विधान से बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन पूजन किया। उन्होंने बेटे अनंत व बहू राधिका के लिए आशीर्वाद मांगा। उनके साथ बॉलीवुड के फेमस फैशन डिज़ाइनर मनीष मल्होत्रा भी मौजूद रहे। संभावना है कि नीता अंबानी बेटे व बहू के लिए बनारसी परिधानों की खरीददारी करेंगी। इससे पहले मनीष मल्होत्रा नमो घाट पर आयोजित फैशन शो के दौरान काशी आये थे। 

 

 

विश्वनाथ धाम दर्शन पूजन के पश्चात् नीता अंबानी दशाश्वमेध घाट पर होने वाली मां गंगा की आरती में भी शामिल हुईं। यहां की आरती देख वह अभिभूत हुईं। उन्होंने मां गंगा का भी विधि विधान से पूजन कर बेटे के विवाह की सफलता की कामना की। इससे पहले वह एक दशक पूर्व गंगा आरती में आई थीं। नीता अंबानी ने अगली बार सपरिवार काशी की गंगा आरती में शामिल होने की बात कही है। 

 

 

वैसे अंबानी परिवार का काशी व विश्वनाथ धाम से काफी लगाव रहा है। पूर्व में भी अंबानी परिवार के सदस्य बाबा का दर्शन-पूजन करने काशी पहुंचे थे। मुकेश अंबानी के बेटे अनंत ने दर्शन-पूजन किया था। वहीं अनिल अंबानी भी अपनी मां कोकिला बेन के साथ काशी भ्रमण के लिए आए थे। उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई थी।