वाराणसी। परिषदीय स्कूलों में बच्चों को अब भोजपुरी भाषा में भी पढ़ाई कराने की योजना शुरू की गई है। शिक्षा विभाग ने इस दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। पहले बच्चों को सिर्फ हिंदी और अंग्रेजी में पढ़ाया जाता था, लेकिन अब अवधी, भोजपुरी, ब्रज, बुंदेली और बघेली जैसी भाषाओं में भी पाठ्य सामग्री तैयार की जा रही है। जल्द ही जिले के परिषदीय स्कूलों में यह सुविधा बच्चों को मिलेगी।

 


जिले में 1143 परिषदीय स्कूल हैं, जिनमें करीब 1.90 हजार छात्र पढ़ते हैं। शिक्षकों की मदद के लिए एक विशेष शब्दकोश भी तैयार किया जा रहा है, जिससे वे भाषा संबंधी कठिनाइयों को आसानी से हल कर सकें। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत एससीईआरटी द्वारा स्कूलों के पाठ्यक्रम में बदलाव की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जिसमें बच्चों को स्थानीय संस्कृति के साथ-साथ अब स्थानीय भाषाओं में भी शिक्षा दी जाएगी।


पाठ्य सामग्री को ई-कंटेंट और पुस्तकों के रूप में स्कूलों को उपलब्ध कराया जाएगा। भाषाई आधार पर तैयार की गई इन पुस्तकों का उपयोग स्कूलों में विकल्प के रूप में किया जा सकेगा। लगभग 75 हजार शब्दों का शब्दकोश भी तैयार किया जा चुका है, जिससे बच्चों को उनके स्थानीय बोली में पढ़ाई को समझना आसान हो जाएगा। 

 


इसके अलावा, शिक्षा व्यवस्था को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की भी योजना है, ताकि विभाग के कार्यों के साथ-साथ स्कूलों की पुस्तकें भी डिजिटल रूप में उपलब्ध हो सकें। 


इस विषय पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि बच्चों को बेहतर ढंग से पढ़ाई समझाने के लिए स्थानीय भाषा भोजपुरी में शिक्षा देने की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही पाठ्यक्रम तैयार होने के बाद इसे लागू किया जाएगा।