लखनऊ। पेपर लीक मामले को लेकर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार को लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ के सामने पेशी के बाद राजभर को दिल्ली तलब कर लिया गया।

 

शुक्रवार को राजभर ने अपने बेटे अरविंद राजभर के साथ दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर पेपर लीक मामले में सफाई दी। सूत्रों की मानें तोज़ भाजपा नेता राजभर की सफाई से संतुष्ट नहीं है। वह इस मामले में जल्द बड़े ऐक्शन की तैयारी में हैं।

पेपर लीक मामले में बुधवार को सुभासपा विधायक बेदीराम का एक कथित विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह पैसा लेकर पेपर लीक करवाने की बात करते दिख रहे हैं। अभी सुभासपा इस पर सफाई देने की तैयारी ही कर रही थी कि गुरुवार को एक और विडियो वायरल हो गया। उस विडियो में सुभासपा प्रमुख कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बेदीराम की तरफ इशारा करते हुए कहते दिख रहे हैं कि 'यह देखने में ऐसे लगते हैं। इनके कई लाख चेला लोग सरकारी नौकरी कर रहे हैं। सबको नौकरी इन्होंने दिया है।'

 

विडियो वायरल होने के बाद गुरुवार शाम को सीएम ने राजभर को तलब कर लिया था। हालांकि, सीएम कार्यालय की ओर से इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया। लेकिन, सूत्रों का कहना है कि मुलाकात के दौरान सीएम ने इस मामले पर नाराजगी जताई और राजभर से विधायक के खिलाफ पार्टी स्तर पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई के लिए कहा। इस मुलाकात के कुछ देर बाद ही राजभर को अमित शाह ने दिल्ली तलब कर लिया।

 

 विपक्ष मुखर, राजभर खामोश

 

सरकार के सहयोगी दल के विधायक और मंत्री के ये वायरल विडियो भाजपा के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। विडियो वायरल होने के एक दिन पहले ही पेपर लीक मामले में योगी सरकार सख्त कानून कैबिनेट बैठक में पास किया था। विपक्ष जहां इस मामले में सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा, वहीं राजभर चुप्पी साधे हैं।