नई दिल्ली। कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हमले में 27 निर्दोष नागरिकों की दर्दनाक मौत के बाद राष्ट्रीय स्तर पर कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार को राजधानी दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक अहम सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में केंद्र सरकार और विपक्ष के प्रमुख नेताओं ने भाग लिया और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई का संकल्प लिया।


बैठक की शुरुआत में पहलगाम हमले में मारे गए नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद से निपटने की रणनीति और पाकिस्तान को लेकर भविष्य की कार्रवाई जैसे अहम विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, बैठक में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ कठोर कदम उठाने के संकेत दिए गए हैं।

 


बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, और अन्य कई दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। क्षेत्रीय दलों से रामगोपाल यादव (सपा), सुप्रिया सुले (एनसीपी), प्रफुल्ल पटेल (एनसीपी), प्रेमचंद गुप्ता (राजद), तिरुचि शिवा (डीएमके), सस्मित पात्रा (बीजेडी), संजय सिंह (आप), सुदीप बंदोपाध्याय (टीएमसी), मिथुन रेड्डी (वाईएसआरसीपी) और भाजपा के अनिल बलूनी भी इस महत्वपूर्ण चर्चा का हिस्सा बने।

 


बैठक में मौजूद सभी राजनीतिक दलों ने एक सुर में आतंकवाद की कड़ी निंदा की और शहीदों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। नेताओं ने कहा कि आतंक के इस घिनौने चेहरे को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसका माकूल जवाब दिया जाएगा। यह भी दोहराया गया कि आतंकवाद की इस वैश्विक चुनौती का सामना केवल राजनीतिक सीमाओं से परे जाकर, एकजुट होकर ही किया जा सकता है।

 


सरकार की ओर से बताया गया कि पिछले कुछ वर्षों में आतंकवाद से निपटने के लिए कई निर्णायक कदम उठाए गए हैं और अब समय आ गया है कि इन प्रयासों को और धार दी जाए। आतंकवादी नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को उच्चतम स्तर की कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं।