राजस्थान। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच मंगलवार को पाकिस्तानी हैकर्स ने राजस्थान सरकार की शिक्षा विभाग की वेबसाइट को निशाना बनाकर साइबर युद्ध का एक नया मोर्चा खोल दिया। साइबर हैकर्स ने सरकार की वेबसाइट हैक कर ‘अगला हमला गोलियों से नहीं, टेक्नोलॉजी से होगा’ जैसा भड़काऊ संदेश अपलोड कर दिया। घटना के तुरंत बाद राज्य सरकार ने वेबसाइट को रिकवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह साइबर हमला ऐसे समय में हुआ है जब हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। इस घटनाक्रम को राजनीतिक और डिजिटल हमले के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें पाकिस्तान समर्थक हैकर्स भारत के महत्वपूर्ण पोर्टलों को निशाना बना रहे हैं।

आपत्तिजनक कंटेंट से माहौल भड़काने की कोशिश
हैकर्स द्वारा वेबसाइट पर ऐसे ग्राफिक्स और टेक्स्ट अपलोड किए गए जिनमें न केवल पाकिस्तान का समर्थन किया गया, बल्कि भारत विरोधी संदेश भी थे। ये साइबर हमले भारत की डिजिटल सुरक्षा के लिए एक गंभीर चेतावनी माने जा रहे हैं, जिनका मकसद ना केवल तकनीकी क्षति पहुंचाना है, बल्कि मनोवैज्ञानिक दबाव भी बनाना है।
भारत की डिजिटल जवाबी कार्रवाई
साइबर हमलों की सीरीज के बीच भारत ने भी डिजिटल सुरक्षा के मोर्चे पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के एक्स (X) अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया है। हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में ख्वाजा आसिफ यह स्वीकारते नजर आए थे कि पाकिस्तान सरकार ने वर्षों तक आतंकी संगठनों को आर्थिक मदद दी है। इसके पहले सोमवार को भारत सरकार ने 17 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर भी प्रतिबंध लगा दिया था जो भारत-विरोधी सामग्री फैला रहे थे।

जेडीए और डीएलबी की वेबसाइटें पहले ही बनी थीं निशाना
इस घटना से एक दिन पहले सोमवार रात को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और नगरीय विकास विभाग (DLB) की वेबसाइट को भी पाकिस्तानी हैकर्स ने हैक कर लिया था। इन वेबसाइट्स पर भी पाकिस्तान समर्थक सामग्री पोस्ट की गई थी, जिन्हें बाद में रिकवर कर लिया गया। अब इस क्रम में मंगलवार सुबह शिक्षा विभाग की वेबसाइट को हैक किया गया।
सेना और वायुसेना से जुड़ी वेबसाइटों पर भी हमले की कोशिश
सिर्फ नागरिक संस्थानों को ही नहीं, बल्कि भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाने की साजिशें की जा रही हैं। मंगलवार को ही पाकिस्तानी हैकर ग्रुप "IOK Hacker" ने आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत और श्रीनगर की वेबसाइट को हैक कर डैमेज करने का प्रयास किया। इन पोर्टलों पर देश विरोधी और उत्तेजक सामग्री अपलोड की गई।
इसके अलावा आर्मी वेलफेयर हाउसिंग ऑर्गेनाइजेशन (AWHO) और भारतीय वायुसेना के प्लेसमेंट पोर्टल में भी सेंध लगाने की कोशिश की गई, जिसे समय रहते रोक लिया गया।

राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
लगातार हो रहे इन साइबर हमलों को देखते हुए भारतीय साइबर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिए हैं कि वे सरकारी पोर्टलों की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा करें और संवेदनशील वेबसाइट्स को अतिरिक्त सुरक्षा कवच प्रदान करें।
Comments (0)