नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कड़ा फैसला लिया है। केंद्र ने भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं। इसके साथ ही गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक की।

बैठक के दौरान श्री शाह ने राज्यों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की त्वरित पहचान करें और उन्हें जल्द से जल्द भारत छोड़ने के लिए बाध्य करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस आदेश की अवहेलना या लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी।

गृह मंत्रालय के अनुसार, यह फैसला राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और संभावित खतरों को रोकने के लिए बेहद आवश्यक है। अमित शाह ने दो टूक कहा कि जिन लोगों के पास वैध वीजा भी था, वह अब निरस्त कर दिया गया है, इसलिए अब किसी पाकिस्तानी नागरिक को भारत में रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पुलिस व खुफिया एजेंसियों के माध्यम से जाँच प्रक्रिया तेज़ करें, और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक गैरकानूनी रूप से भारत में न रह पाए। इसके अलावा, अगर किसी पाकिस्तानी नागरिक ने किसी प्रकार की स्थानीय पहचान बनाई हो, तो उसकी भी गहन जांच की जाएगी।

गृह मंत्रालय ने यह भी कहा कि किसी भी संवेदनशील राज्य में जहां पाकिस्तानी नागरिक बड़ी संख्या में रहते हैं, वहां की राज्य सरकारें स्थिति पर विशेष नजर रखें और किसी भी तरह की अवांछनीय गतिविधियों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
Comments (0)