वाराणसी। लोहता थाना अंतर्गत पकौड़ा विक्रेता की हत्या कर शव को नाले में फेंकने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीँ इस मामले में सुपारी देने की बात भी सामने आई है। 

 

पकौड़ा विक्रेता के साथ ठेला लगाने वाले ने ही उसकी सुपारी देकर हत्या कराई थी। डीसीपी वरुणा ज़ोन चंद्रकांत मीणा ने इसका खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6600 रुपये नकदी व घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस आरोपितों से पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

 

जानकारी के मुताबिक, कोरौता निवासी पकौड़ा विक्रेता कैलाश प्रजापति की लाश नाले 27 जून को नाले में पड़ी मिली थी। जिसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम तक कर दिया था। इस मामले में मृतक के बेटे सुनील प्रजापति ने लोहता थाने में हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उसने बताया था कि उसके पिता कैलाश प्रजापति कोरौता बाजार में पकौड़े का ठेला लगाते थे। 26 जून की रात राजन प्रजापति पुत्र रमाशंकर प्रजापति निवासी ग्राम कोरौता थाना लोहता ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत तीन व्यक्ति नाम पता अज्ञात के साथ मिलकर कोरौता बाजार में सड़क किनारे नाले में डुबोकर मेरे पिता की हत्या कर शव फेंक दिया। 

 

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपित की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने रविवार को सरदार पेट्रोल पम्प के पास से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपित कोरौता निवासी राजन प्रजापति, शशिकान्त उर्फ जवानी उर्फ विशाल, मंडुवाडीह थाना के अशर्फीनगर निवासी अभिषेक जायसवाल और रामनगर थाना के रस्तापुर निवासी प्रदीप चौहान को गिरफ्तार किया गया है। 

 

आमदनी कम होने कसा सताया डर, तो दे दी सुपारी

 

राजन प्रजापति ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि मैं कोरौता बाजार में शिव मंदिर के पास रसेदार पकौड़े का ठेला लगाता हूं, मेरे ठेले के पास में ही कैलाश प्रजापति भी ठेला लगाता था। उसके ठेले की वजह से मेरे ग्राहक टूट कर उसके ठेले पर चले जाते थे। इससे मेरी आमदनी कम हो जाती थी। मैने करीब एक साल पहले भी कैलाश प्रजापति को पिटवाया था, ताकि वह डर कर ठेला लगाना बंद कर दे। मैंने कैलाश प्रजापति को रास्ते से हटाने की योजना बनायी। योजना के तहत मैने गांव के ही शशिकान्त उर्फ जवानी उर्फ विशाल को उसे जान से मारने के लिए कहा था। शशिकान्त ने अभिषेक जायसवाल एवं प्रदीप चौहान से मिलवाया। कैलाश प्रजापति को मारने के एवज में तीन लाख रुपये की सुपारी मांगी थी। 

 

हत्या के लिए 15 हजार एडवांस मिले

 

कैलाश की हत्या से करीब एक सप्ताह पहले राजन ने 15 हजार रुपये तीनों आरोपितों को दे दिये थे। इसके बाद कैलाश की हत्या की साजिश रची गई। शशिकान्त, अभिषेक जायसवाल व प्रदीप चौहान ने कैलाश प्रजापति की हत्या की। राजन व अभिषेक का आपराधिक इतिहास लंबा है। दोनों के खिलाफ मंडुवाडीह व लोहता थाना में मुकदमे दर्ज हैं।