कच्छ। भारत में दीपावली का पर्व इस वर्ष भी पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी दीवाली परंपरा को निभाते हुए वीर जवानों के साथ समय बिताया। इस बार उन्होंने गुजरात के कच्छ में सीमा सुरक्षा बल के जवानों को मिठाई खिलाई और प्रेरक संबोधन दिया।


प्रधानमंत्री मोदी ने जवानों से कहा, "मैं आपको और देश की सेवा में जुटे सभी जवानों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। इसमें 140 करोड़ देशवासियों की कृतज्ञता और आभार भी जुड़ा है।" उन्होंने मातृभूमि की सेवा को सबसे बड़ा सौभाग्य बताते हुए इसे आसान नहीं, बल्कि माँ भारती के वीर सपूतों की तपस्या का प्रतीक बताया।


पीएम मोदी ने जवानों के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा, "आपकी अडिग इच्छाशक्ति और अद्वितीय शौर्य जब देश देखता है, तो उसे सुरक्षा का भरोसा मिलता है। आपकी गर्जना आतंक के आकाओं के मन में खौफ पैदा कर देती है। यह सरकार देश की एक-एक इंच जमीन की रक्षा के लिए अडिग है।"


प्रधानमंत्री ने तीनों सेनाओं की एकता की सराहना करते हुए कहा कि सेना, वायु सेना, और नौसेना की शक्ति एक साथ मिलकर अद्वितीय शक्ति का प्रतीक बन जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है—तेजस फाइटर प्लेन और स्वदेशी सबमरीन इसका उदाहरण हैं। पहले जहाँ भारत हथियार आयात करने वाला देश था, वहीं अब वह अन्य देशों को रक्षा उपकरण निर्यात करने की स्थिति में है। दीपावली के इस खास मौके पर प्रधानमंत्री ने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए देशवासियों की ओर से उन्हें धन्यवाद और सम्मान का संदेश भी दिया।


बता दें कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री 10 वर्षों से जवानों के साथ दीपावली मनाई थी। 


हाल के वर्षों में:


•    2023: पीएम मोदी हिमाचल प्रदेश के लेपचा में भारतीय जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे।


•    2022: कारगिल में जवानों के साथ त्योहार मनाया और 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि दी।


•    2021: जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में जवानों से मिले, उन्हें परिवार का हिस्सा मानते हुए उनके साथ समय बिताया।


•    2020: राजस्थान के जैसलमेर स्थित लोंगेवाला पोस्ट पर जवानों के साथ दिवाली मनाई।


•    2019: जम्मू-कश्मीर के राजौरी में LoC पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाने पहुंचे।


•    2018: उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर में दर्शन कर चीन सीमा के पास हरशिल में जवानों के साथ दिवाली का जश्न मनाया।


•    2017: जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर में जवानों के साथ पर्व मनाया।


•    2016: चीन सीमा के पास हिमाचल के ITBP जवानों के बीच दिवाली मनाई।


•    2015: अमृतसर में तैनात जवानों से मिलकर त्योहार मनाया।


•    2014: देश का प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार मोदी ने सैनिकों के साथ दीपावली मनाई। वे सियाचिन पर तैनात जवानों के बीच पहुंचे। जवानों को अपने हाथ से मिठाई खिलाई और उनका हौसला बढ़ाया।