वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शुक्रवार को प्रस्तावित वाराणसी दौरे के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और एडीजी सुरक्षा रघुवीर लाल द्वारा कैम्प कार्यालय स्थित सभागार में राजपत्रित अधिकारियों की प्री-ब्रीफिंग की गई। इस बैठक में वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा और यातायात से जुड़ी महत्वपूर्ण रणनीतियों पर चर्चा हुई।

 


बैठक में वाराणसी के सभी राजपत्रित अधिकारी, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एस. चन्नप्पा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश सिंह सहित अन्य जिलों से आए वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वीवीआईपी ड्यूटी में लगे सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय पर अच्छे टर्न-आउट, पहचान-पत्र और ड्यूटी कार्ड के साथ अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद रहें और पूरी सतर्कता से अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

 


सख्त निर्देश: मोबाइल फोन से दूर रहें पुलिसकर्मी


अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ड्यूटी के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करे और न ही प्रधानमंत्री के मूवमेंट के समय वीडियो या फोटो खींचे। सभी का ध्यान केवल ड्यूटी पर केंद्रित होना चाहिए। ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी हो, इसके लिए उनके प्रभारी राजपत्रित अधिकारी मौके पर ब्रीफिंग करें।

 


छतों पर तैनात होंगे जवान, ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी


कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में रूफ-टॉप ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाएगी। वीवीआईपी मार्ग और सभा स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की चेकिंग-फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाएगी। सुरक्षा के लिए उपलब्ध सभी उपकरणों का समुचित उपयोग करने का निर्देश दिया गया है।


4000 से अधिक सुरक्षा बल तैनात


जनसभा और वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 6 एसपी, 8 एडिशनल एसपी, 33 सीओ के अलावा 4000 से अधिक पुलिसकर्मी, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल के पास ही वीवीआईपी आगंतुकों के लिए अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यह सुनिश्चित किया गया है कि कोई भी वाहन सड़कों पर खड़ा न हो।

 


क्राउड कंट्रोलिंग को दिए गये निर्देश


पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी मार्गों पर भीड़ नियंत्रण के लिए रस्सों का प्रयोग किया जाए। आम जनता के साथ पुलिसकर्मी विनम्र और शालीन व्यवहार करें। महिला आगंतुकों की चेकिंग केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाए।

 


हथियार लेकर नहीं जा सकेंगे सुरक्षा कर्मी


एक विशेष निर्देश यह भी दिया गया कि कार्यक्रम स्थल पर ड्यूटी पर तैनात कोई भी सुरक्षा कर्मी हथियार लेकर प्रवेश नहीं करेगा, विशेषकर वे जो विशिष्ट महानुभावों की सुरक्षा में लगे हैं। यह निर्देश किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए दिया गया है।


हर स्तर पर सतर्कता और समन्वय जरूरी


सीपी मोहित अग्रवाल और एडीजी सुरक्षा ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी सख्ती से पालन किया जाएगा। सभी अधिकारियों से समन्वय बनाकर ड्यूटी करने और हर स्थिति में तैयार रहने की अपील की गई।