नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से तीन नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेनें कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों को आपस में जोड़ेगी। इनमें से पहली ट्रेन चेन्नई सेंट्रल से नागरकोइल, दूसरी मदुरै से बेंगलुरु कैंट और तीसरी ट्रेन मेरठ सिटी से लखनऊ के बीच चलेगी।


पर्यटन को मिलेगी नई दिशा, रोजगार के अवसर होंगे सृजित


वंदे भारत ट्रेनों के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जहां भी ये ट्रेनें संचालित होती हैं, वहां के पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। इससे न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। उन्होंने इस सफलता के लिए जनता को बधाई दी।


मदुरै-बेंगलुरु वंदे भारत की रंगीन यात्रा


मदुरै के पास वैगई नदी पर बने पुल से गुजरती हुई मदुरै-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेन को ड्रोन द्वारा कैप्चर किया गया। भगवा रंग में रंगी यह ट्रेन भारतीय रेलवे के आधुनिक रूप का प्रतीक है।

 


भारतीय रेलवे का नया चेहरा: वंदे भारत


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मेरठ के लोगों के लिए वंदे भारत ट्रेन एक नई सौगात है। उन्होंने कहा कि मेरठ और पश्चिमी यूपी का क्षेत्र, जो कभी क्रांति की धरती थी, आज विकास की नई क्रांति का प्रतीक बनता जा रहा है।


देशभर में चल रही हैं 102 वंदे भारत ट्रेनें


प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में देशभर में 102 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है। हाई-स्पीड ट्रेनों के माध्यम से लोग अब अपने व्यापार, रोजगार और सपनों को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं।

 


दक्षिण भारत के समग्र विकास पर सरकार का जोर


पीएम मोदी ने कहा कि एक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दक्षिणी राज्यों का तेज विकास बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु और कर्नाटक समेत दक्षिण भारत का विकास उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है।