वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर इलाके से एक बड़े साइबर ठगी रैकेट का खुलासा हुआ है, जिसमें गरीब और अशिक्षित लोगों की पहचान का दुरुपयोग कर करोड़ों की ठगी को अंजाम दिया जा रहा था। वाराणसी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस को यह सफलता तब मिली जब लालपुर पांडेयपुर निवासी मेहताब खान ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके नाम पर एक फर्जी मोबाइल सिम चल रहा है। उन्होंने गृह मंत्रालय की वेबसाइट पर अपने आधार की जांच की, तो उसमें किसी अनजान मोबाइल नंबर का लिंक पाया गया। मामला साइबर थाने में स्थानांतरित हुआ, जहां जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

 


जांच के दौरान पता चला कि एक संगठित गिरोह गरीब और झुग्गियों में रहने वाले लोगों को निशाना बनाकर उनके आधार कार्ड्स की नकल करता था। इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड और बैंक खाते खोले जाते थे। सिम कार्ड को रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के रूप में प्रयोग किया जाता था, और बैंक खातों का उपयोग अवैध ट्रांजैक्शन के लिए किया जाता था।

 


गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सूर्यकांत विश्वकर्मा (नई बस्ती, लालपुर पांडेयपुर), विकास मौर्या (विश्वेश्वरगंज, कोतवाली) और मोहम्मद अरमान (कजाकपुरा, आदमपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने जब इनके ठिकानों पर छापा मारा, तो वहां से एक पूरा ठगी तंत्र सामने आया, जिसमें आधुनिक तकनीकों और उपकरणों का प्रयोग हो रहा था।


पुलिस को इन अपराधियों के पास से 28 सिम कार्ड (एयरटेल और वोडाफोन), एक बायोमेट्रिक मशीन, तीन एंड्रॉइड स्मार्टफोन (लगभग ₹72,000 की कीमत), पांच कीपैड मोबाइल, सात डेबिट कार्ड, पांच पासबुक, पांच चेकबुक, दो आधार कार्ड और ₹820 नकद बरामद हुए हैं।

 


सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस गिरोह में एक प्राइवेट बैंक कर्मचारी भी शामिल था, जो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खाते खुलवाने में इनकी मदद करता था और ट्रांजैक्शन की निगरानी भी करता था। पुलिस ने संबंधित बैंक को पत्र भेजकर उस कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की मांग की है, साथ ही टेलिकॉम कंपनी को POS एजेंट का लाइसेंस निरस्त करने के लिए भी पत्र लिखा गया है।


यह रैकेट न सिर्फ वाराणसी तक सीमित था, बल्कि दिल्ली और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों से भी इसका सीधा संबंध था। इन राज्यों में बैठे साइबर ठग इन फर्जी खातों और सिम कार्ड्स का इस्तेमाल करते हुए ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क के और भी कड़ी जोड़ियों का पर्दाफाश किया जाएगा।