नई दिल्ली। 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11वीं बार लालकिले की प्राचीर से तिरंगा फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया। पीएम ने कहा कि आज का दिन उन अनगिनत 'आजादी के दीवाने' को श्रद्धांजलि देने का दिन है जिन्होंने देश के लिए बलिदान दिया। यह देश उनका ऋणी है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 60 साल बाद जनता ने हमें लगातार तीसरी बार देश सेवा का मौका दिया। जनता के आशीर्वाद में मेरे लिए सिर्फ एक संदेश है- जन-जन की सेवा, हर परिवार की सेवा, हर क्षेत्र की सेवा और इसे लेकर के विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचना। लाल किले की प्राचीर से मैं देशवासियों को कोटि-कोटि नमन करता हूं।
.jpeg)
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष और पिछले कई वर्षों से प्राकृतिक आपदा के कारण हमारी चिंता बढ़ती चली जा रही है। प्राकृतिक आपदा में अनेक लोगों ने अपने परिवार जन खोए हैं, संपत्ति खोई है। मैं आज उन सब के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि ये देश इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।
पीएम ने कहा, एक समय था कि लोग देश के लिए मरने के लिए प्रतिबद्ध थे। आज समय है देश के लिए जीने की प्रतिबद्धता का अगर देश के लिए मरने की प्रतिबद्धता आजादी दिला सकती है तो देश के लिए जीने की प्रतिबद्धता समृद्ध भारत भी बना सकती है।
नेशन फर्स्ट ! राष्ट्रहित सुप्रीम !
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से कहा, 'हम जो कुछ भी कर रहे हैं, राजनीति का गुणा-भाग करके नहीं करते हैं। हमारा एक ही संकल्प होता है- नेशन फर्स्ट! राष्ट्रहित सुप्रीम! ये मेरा भारत महान बने, इसी संकल्प को लेकर हम कदम बढ़ाते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब लाल किले से कहा जाता है कि देश के 18 हजार गांव में समय सीमा में बिजली पहुंचाएंगे, और वो काम हो जाता है तो भरोसा मजबूत हो जाता है।

10 सालों में बढ़ी मेडिकल के सीटों की संख्या
पीएम मोदी ने कहा कि मेडिकल की पढ़ाई के लिए छात्र बाहर जा रहे हैं। इसलिए अब 10 सालों में मेडिकल सीटों की संख्या 1 लाख हो गई है। अगले पांच साल में मेडिकल कॉलेजों में 75 हजार नई सीटें बनाई जाएंगी। हमने राष्ट्रीय पोषण मिशन चलाया है, ताकि बच्चों को पोषण मिल सके।
साइंस और टेक्नोलॉजी पर मुख्य फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि साइंस और टेक्नोलॉजी पर बल देने की जरूरत है। चंद्रयान मिशन की सफलता के बाद साइंस और टेक्नोलॉजी के प्रति छात्रों की दिलचस्पी बढ़ी है। इस दिलचस्पी को सही दिशा में ले जाने के लिए संस्थानों को आगे आना होगा। सरकार ने रिसर्च के लिए सपोर्ट बढ़ाया है। नेशनल रिसर्च फाउंडेशन की व्यवस्था बनाई है। बजट में एक लाख करोड़ रुपये रिसर्च और इनोवेशन पर देने का प्रण लिया गया है।

Comments (0)