वाराणसी। इंडी गठबंधन के घटक दल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की दो महिला नेत्रियों प्रियंका गांधी व डिंपल यादव ने शनिवार को वाराणसी में रोड शो किया। इस दौरान सपा, कांग्रेस, वाम दल व इंडी गठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ताओं की अच्छी खासी भीड़ मौजूद रही। एक किमी के रोड शो में दोनों नेत्रियों ने सपा-कांग्रेस के उन समर्थकों में जान फूंक दी, जो पार्टी की नीतियों से रुख मोड़कर किसी और दल में जाने की कोशिश कर रहे थे।
कांग्रेस ने रोड शो के लिए जो रूट निर्धारित किया था, उसमें पहले दोनों नेताओं को पहले श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन करने थे। उसके बाद दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर में मां कुष्मांडा का आशीर्वाद लेकर रोड शो शुरू करना था, लेकिन कांग्रेस नेत्रियों ने बिना मां दुर्गा के आशीर्वाद के ही रोड शो किया। हालांकि इस बीच डिंपल यादव ने देर शाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया। वहीं दोनों नेताओं ने रोड शो शुरू करने से पहले काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव दरबार में हाजिरी लगाई। लेकिन, मां दुर्गा के चौखट पर जाकर उनके दर्शन न करना इंडी गठबंधन के नियत पर सवाल खड़े कर रहा है। इस मामले में कई भाजपा नेताओं ने तो यहां तक कह दिया कि कांग्रेस के लिए हिंदू देवी देवता उतना मायने नहीं रखते। वहीं कांग्रेस का कहना है कि दोनों नेताओं ने बाहर से ही मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया था। कई नेताओं ने तो यहां तक कह दिया कि बिना शक्ति के उपासना के कांग्रेस को रोड शो का फल नहीं मिलेगा।
वैसे कांग्रेस के लिए हिंदू देवी-देवताओं का निरादर कोई नई बात नहीं है। कांग्रेस ने इससे पहले कई बार ऐसे कृत्य किये हैं, जो कि इतिहास के पन्नों में दर्ज होकर कांग्रेस की मंशा को जनता को बताते हैं। आइये जानते हैं कब कब कांग्रेस ने हिंदू देवी-देवताओं का विरोध किया।
- 500 वर्षों के इंतज़ार और संघर्ष के बाद जब रामलला अपने मंदिर में विराजे, कांग्रेस समेत समस्त विपक्षी दलों ने राम मंदिर का न्योता ठुकरा दिया था। इसी इंडी गठबंधन के नेता राम मंदिर के निर्माण और रामभक्तों पर प्रश्न चिन्ह खड़े करते हैं।
- राहुल गांधी ने पिछले दिनों अपनी एक जनसभा में कहा था कि राम मंदिर में उन्हें केवल अमीर ही दिखे, गरीब कहीं दिखे नहीं, उन्हें राम मंदिर में ऐश्वर्या राय नजर आयीं।
- सनातन धर्म व हिन्दुओं को डेंगू, कोरोना और मलेरिया बताने वाले DMK पार्टी के नेताओं के साथ कांग्रेस के बड़े घनिष्ठ सम्बन्ध हैं।
- इंडी गठबंधन के लालू यादव और राहुल गांधी ने हिन्दुओं और सनातन धर्म का मजाक उड़ाने के लिए सावन में मटन बनाया। इसके बाद उन्हीं लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने हिन्दुओं का मजाक उड़ाने के लिए नवरात्रि में मछली खायी।
- राहुल गांधी जब वाराणसी में अपनी कथित भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे थे, उस दौरान भी उन्होंने कालभैरव का दर्शन नहीं किया और न ही अपने पिता देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा को ही प्रणाम किया। वहीं काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पर प्रशासन द्वारा फोटो न जारी करने पर राहुल आक्रोशित हो गये।
- इंडी गठबंधन के जिस नेता डिंपल यादव ने वाराणसी में रोड शो किया, उन्हीं के श्वसुर दिवंगत मुलायम सिंह यादव ने रामभक्तों पर गोलियां चलवायीं थी।
- कांग्रेस ने वर्ष 2007 में ही सुप्रीमकोर्ट में हलफनामा दाखिल कर राम के अस्तित्व को मानने से इंकार कर दिया था। अयोध्या में रामलला के विरोध में कांग्रेस के ही वकील खड़े थे।
- कथित रूप से शिवभक्त राहुल गांधी के परनाना जवाहर लाल नेहरु ने सोमनाथ मंदिर का लोकार्पण करने जाने से डॉ० राजेंद्र प्रसाद को रोकना चाहा था।
वैसे ऐसे कई मौके हैं, जब कांग्रेस ने हिंदुत्व का अपमान किया और फिर वोटबैंक की राजनीति के लिए हिंदू बनने का ढोंग करने सबके सामने आ गयी। कहते हैं न कि लोकतंत्र में जनता की याददाश्त कमजोर होती है, इसलिए ये ढोंगी नेता जनता को आसानी से बरगला जाते हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और डिंपल यादव के रोड शो को लेकर कांग्रेस और सपा कार्यकर्ता काफी उत्साहित थे। वहीं नाम न छापने की शर्त पर एक नेता ने यह भी कह दिया कि दोनों नेताओं के मां दुर्गा और काशी विश्वनाथ दर्शन को लेकर वे लोग अत्यंत उत्साहित थे। लेकिन उन लोगों के दर्शन पूजन करने से नेताओं में मायूसी छा गयी। खैर, इसके पीछे वजह चाहे जो भी हो, कार्यकर्ताओं को अपने शीर्ष नेतृत्व के आदेश पर चलना ही होता है, जो नहीं चल पाता, उसे पार्टी बाहर का रास्ता दिखा देती है।
Comments (0)