वाराणसी। श्री सतुआ बाबा गौशाला, डोमरी में आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के पांचवें दिन, प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) ने भगवान शिव की महिमा और जीवन के व्यवहारिक संदेशों पर प्रकाश डाला। कथा का शुभारंभ गणेश वंदना और ओम नमः शिवाय की धूनी के साथ हुआ, जिसमें श्रोता मंत्रमुग्ध होकर भक्ति में डूब गए।

कथा का संदेश: कमाई करो, लेकिन किसी का दिल न दुखाओ
गुरुजी ने अपने प्रवचन में कहा कि जीवन में खूब कमाई करो, मेहनत और ईमानदारी से अपनी आवश्यकताओं को पूरा करो। लेकिन ऐसा कभी न हो कि धन कमाने के लिए किसी का दिल दुखाना पड़े। उन्होंने शिव महापुराण का हवाला देते हुए बताया कि अगर आपकी कमाई से किसी को कष्ट होता है, तो वह धन कभी सुख नहीं देगा।

शिव की पंचायत और जीवन मार्गदर्शन
पंडित जी ने बताया कि भगवान शिव की ‘पंचायत’ (शंकर, पार्वती, गणेश, सूर्य और भवानी) हमारे अच्छे-बुरे कर्मों का निर्णय करती है। शिव महापुराण सिखाता है कि जब आप सही मार्ग पर होते हैं, तो भगवान शिव स्वयं आपके मार्ग को प्रशस्त करते हैं। उन्होंने व्यसन और गलत कार्यों से बचने की प्रेरणा देते हुए कहा कि भगवान शिव हमें हमेशा सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
.jpeg)
पिता और पुत्र का उदाहरण
गुरुजी ने शिव भक्ति को पिता-पुत्र के रिश्ते से जोड़ा। उन्होंने कहा, ‘जैसे मेला घूमते समय पिता का हाथ पकड़ने से बच्चे को सब कुछ अच्छा लगता है, वैसे ही शिवलिंग पर जल चढ़ाने से हमें यह अहसास होता है कि भगवान शिव ने हमारा हाथ पकड़ रखा है। यह भावना हमारे जीवन को संतोष और सुरक्षा का अनुभव कराती है।’
कथा का समापन और विशेष आकर्षण
कथा का समापन भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती और कार्तिक जी की झांकी व आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर महामंडलेश्वर श्री संतोष दास सतुआ बाबा और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे। लाखों श्रद्धालुओं ने कथा का आनंद लिया और भक्ति में लीन हो गए।
.jpeg)
अन्य महत्वपूर्ण बिंदु
• शिव महापुराण हर समस्या का समाधान बताती है।
• धन कमाने और कर्ज के प्रबंधन पर गुरुजी ने कहा, ‘कर्ज लेने से बचो। तेज चलने से दुर्घटना हो सकती है, इसलिए जीवन में संयम और स्थिरता अपनाओ।’
• उन्होंने महाराष्ट्र में सनातन धर्म की विजय के लिए व्यासपीठ से बधाई दी।
इस कथा ने श्रद्धालुओं को न केवल भक्ति में डुबोया, बल्कि जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा भी दी।
Comments (0)