वाराणसी/चंदौली। पूर्वांचल में मौसम ने एक बार फिर यू-टर्न लिया है। आसमान और धरती से आग निकल रही है। दिन में गर्म हवा के साथ ही लू के थपेड़ों ने भी लोगों को फिर परेशान किया। वाराणसी मंडल में मौसम से आम जनमानस बेहाल है। 


पूर्वांचल में एक बार फिर पहले जैसा माहौल हो गया है। वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर में तापमान आसमान छू रहा है। सड़कों पर सन्नाटा सा छा रहा है। हालात यह हैं कि अत्यधिक आवश्यकता पड़ने पर ही लोग घर के बाहर निकल रहे हैं। सुबह से ही हो रही तीखी धूप के कारण आमजन बेहाल रहा। 


वाराणसी मंडल में पिछले दो दिन से बादलों की आवाजाही और नम हवाओं के चलने से कुछ राहत के बाद शुक्रवार को मौसम अचानक बदल गया। इसका असर शनिवार को भी देखने को मिला। सुबह 10 बजे से ही धूप में आई तल्खी ने लोगों को बेहाल किया। सुबह से ही तेज धूप होने के साथ ही गर्म हवाएं चलने लगी। इससे एक बार फिर गर्मी बढ़ गई। 


वाराणसी और चंदौली में शनिवार का तापमान एक जैसा ही रहा। दोपहर एक बजे ही अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं गाजीपुर व जौनपुर में शनिवार का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके कारण गर्मी के साथ ही बेचैनी बढ़ गई। 


मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस सप्ताह गर्मी से निजात मिलती हुई नहीं दिख रही  है। 20 जून के बाद से मौसम में कुछ बदलाव के आसार है।