यूपी के बरेली में 14 साल की एक नाबालिग के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। जहां रेलवे यार्ड में किशोरी का मुंह दबाकर उससे दुष्कर्म किया और फिर खून से लथपथ अवस्था में छोड़कर आरोपी फरार हो गया।
दरअसल, नाबालिग के पिता ट्रेन में चढ़ते समय प्लेटफार्म पर गिर गए थे। स्टेशन के आउटर पर जब ट्रेन धीमी हुई, तो किशोरी ट्रेन से कूद गई। वह अपने पिता को लेने के लिए स्टेशन जा रही थी। इसी बीच रेलवे यार्ड के पास युवक ने उसे पकड़ लिया। आरोपी उसका मुंह दबाकर उसे सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ दरिंदगी की। खून से लथपथ नाबालिग रात 9 बजे RPF के पास पहुंची और आप बीती बताया। पुलिस ने नाबालिग को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने सिटी रेलवे स्टेशन पर रात भर सर्च अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का कहीं पता नहीं चला।

प्रकरण के मुताबिक, एटा की रहने वाली नाबालिग अपने पिता, मौसी और मौसेरे भाई के साथ उत्तराखंड के टनकपुर स्थित पूर्णागिरि मंदिर गई थी। गुरुवार रात सभी लोग कासगंज पैसेंजर ट्रेन से घर लौट रहे थे। रात करीब 8:45 बजे ट्रेन सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे।
नाबालिग के पिता कुछ सामान लेने के लिए ट्रेन से उतर गए। ट्रेन चली तो चढ़ते समय पैर फिसलने से प्लेटफार्म पर गिर पड़े। यह देखकर नाबालिग का मौसेरा भाई ट्रेन से उतर गया।
नाबालिग और उसकी मौसी ट्रेन में ही बैठी थीं। जब कोच में पिता और मौसेरा भाई नहीं दिखा तो नाबालिग परेशान हो गई। उसकी मौसी ने कोच में दोनों को खोजा, मगर वह नहीं मिले। स्टेशन के आउटर पर जब ट्रेन धीमी हुई तो नाबालिग ट्रेन से कूद गई।
मुंह दबाकर झाड़ियों में ले गया और किया दुष्कर्म
नाबालिग ने RPF को बताया कि ट्रेन से उतरने के बाद वह अपने पिता और मौसेरे भाई की तलाश में रेलवे स्टेशन की तरफ दौड़कर जाने लगी। इसी दौरान स्टेशन के यार्ड में एक युवक ने उसे पकड़ लिया। उसका मुंह दबाकर उसे झाड़ियों में ले गया।
उसके साथ रेप किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। आरपीएफ ने तुरंत ही GRP को सूचना दी। GRP ने नाबालिग को जिला महिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। यहां से हालत गंभीर होने पर रात करीब 1 बजे उसे SRMS मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

देर रात तक पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
मुरादाबाद से पहुंचे SP जीआरपी आशुतोष शुक्ला ने नाबालिग से पूछताछ की। SP ने बताया कि नाबालिग की हालत में सुधार होने पर उसने आरोपी के हुलिये के बारे में बताया। GRP ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वीडियो बनाया।
उस वीडियो को पीड़िता को दिखाया गया। नाबालिग ने घटनास्थल की पहचान की। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, वहां पर खून पड़ा था। फोरेंसिक टीम ने सैंपल लिए।
एसपी आशुतोष शुक्ला ने पीड़िता से बात करने के बाद जीआरपी के दोनों थानों की टीम लेकर रात एक बजे फिर सिटी स्टेशन पहुंचे। पीड़िता ने जो स्थान बताया, उसके अनुसार टीम ने मढ़ीनाथ के पुल व रेलवे लाइन के किनारे देर तक करीब दो बजे तक कांबिंग की। आसपास और दुकानों में लगे CCTV की मदद ली जा रही है।
Comments (0)