संभल। यूपी के संभल में विवादित जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान 24 नवंबर को बड़ा बवाल हुआ, जिसमें मुस्लिम दंगाइयों ने पत्थरबाजी और हिंसा का सहारा लिया। स्थिति तब बिगड़ी जब मस्जिद परिसर के अंदर सर्वे कर रही टीम को भीड़ ने बाधित किया। दंगाइयों की पहचान के लिए पुलिस ने 250 से अधिक लोगों के पोस्टर जारी किए हैं, जिनमें से कई को गिरफ्तार भी किया गया है।


संभल की जिला अदालत ने 19 नवंबर को विवादित जामा मस्जिद का सर्वे करने का आदेश दिया था। हिन्दू पक्ष ने दावा किया था कि मस्जिद के नीचे हरिहर मंदिर था। कोर्ट कमिश्नर रमेश राघव ने अपनी टीम, डीएम और एसपी के साथ सर्वे शुरू किया। मस्जिद कमिटी के सदर जफर खां समेत अन्य सदस्यों ने सहमति भी दी थी।


हालांकि, रात 10 बजे शुरू हुए सर्वे को कुछ ही देर में 150-200 लोगों की भीड़ ने बाधित कर दिया। मस्जिद के बाहर तैनात पुलिस के साथ धक्कामुक्की करते हुए उन्होंने बंद गेट को खोलकर जबरदस्ती अंदर प्रवेश किया। इन घटनाओं के कारण सर्वे स्थगित करना पड़ा।

 


दूसरा सर्वे और हिंसा


24 नवंबर को सर्वे का प्रयास दोबारा किया गया, लेकिन इस बार स्थिति और भी खराब हो गई। मस्जिद के आसपास भारी भीड़ जमा हुई, जिन्होंने पत्थरबाजी की। जांच में खुलासा हुआ कि भीड़ को इकट्ठा करने के लिए फोन कॉल्स का सहारा लिया गया था। कॉल रिकॉर्डिंग में ‘सामान’ (अर्थात हथियार) लाने की बात कही गई थी। पुलिस ने इस संबंध में आमिर पठान, मोहम्मद अली और फैजान अब्बासी को गिरफ्तार किया।


दंगे में 5 की हुई थी मौत


इस हिंसा में 5 लोगों की मौत हुई और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी को गोली लगी, और दंगाइयों ने कई पुलिसकर्मियों के हथियार छीन लिए। कुल 7 एफआईआर दर्ज की गई हैं, और अब तक 27 लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें 2 महिलाएँ भी शामिल हैं।


दंगे में शामिल 49 संदिग्धों की पुलिस को तलाश


पुलिस ने दंगाइयों की पहचान के लिए CCTV फुटेज की मदद से 250 लोगों की तस्वीरें निकाली हैं। इनकी जानकारी पोस्टर के जरिए सार्वजनिक स्थानों और सोशल मीडिया पर साझा की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में 49 अन्य संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


संभल में फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और हिंसा के पीछे के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। यह घटना कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली थी, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति अब नियंत्रण में है। दंगाइयों के खिलाफ कठोर कदम उठाते हुए पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि हिंसा और अव्यवस्था के लिए कोई स्थान नहीं है।