वाराणसी: निवेश के नाम पर लाखों की साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के सरगना समेत 7 अंतर्राज्यीय साइबर अपराधियों को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से बड़ी मात्रा में एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, नकदी और अन्य सामग्री बरामद की गई है। इस मामले का खुलासा डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीणा ने बुधवार को किया।
वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी की रहने वाली संभावना त्रिपाठी की शिकायत पर आधारित है। उन्होंने 18 दिसंबर 2023 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि साइबर अपराधियों ने कार बुकिंग के टास्क के नाम पर विभिन्न टेलीग्राम ग्रुपों और वेबसाइटों के माध्यम से उन्हें धोखे में डालकर कुल 39 लाख 15 हजार 816 रुपये की ठगी की है। इस शिकायत के बाद पुलिस ने आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
.jpeg)
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कीं। घटना में प्रयुक्त वेबसाइट, टेलीग्राम खाते, मोबाइल नंबर और बैंक खातों के गहन विश्लेषण के बाद, पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर इंदौर, मध्य प्रदेश से इस गिरोह के सरगना समेत 7 अंतर्राज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एटीएम, चेकबुक, पासबुक, इंटरनेट बैंकिंग स्लिप, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, सिम कार्ड और 14,600 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों में जितेंद्र अहीरवार, कमलेश किरार, रामलखन मीना, संजय मीना, अमोल सिंह, सोनू शर्मा और निक्की जाट शामिल हैं, जो मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, ये लोग पहले भी कई धोखाधड़ी कर चुके हैं, जिसकी जांच चल रही है।
डीसीपी चंद्रकांत मीणा ने बताया कि आरोपी पहले ब्रांडेड कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइटों से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बनाते हैं। फिर वे बल्क एसएमएस फीचर का उपयोग करके हजारों लोगों को पार्ट-टाइम जॉब और निवेश में अच्छा लाभ कमाने का प्रलोभन देते हैं। जब कोई व्यक्ति इनके जाल में फंसता है, तो यह उसे छोटी-छोटी धनराशि उसके खातों में जमा कर बड़ा धन कमाने का लालच देते हैं। इसके बाद, वे उन्हें अपनी वेबसाइट और टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ते हैं, जहां उनके सिंडिकेट के सदस्य बड़ी धनराशि का स्क्रीनशॉट भेजते हैं, जिससे लोग लालच में आकर पूरी तरह उनके जाल में फंस जाते हैं।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे यह सब कार्य वर्चुअल मशीनों के माध्यम से विदेशी IP एड्रेस जैसे चीन, सिंगापुर, थाईलैंड, कंबोडिया और दुबई आदि का उपयोग करके करते थे, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे और पुलिस की पहुंच से दूर रहें। इस प्रकार प्राप्त धनराशि को वे एपीआई/कॉरपोरेट बैंकिंग के माध्यम से सेकंडों में फर्जी गेमिंग ऐप के हजारों यूजरों के बैंक खातों और अपने अन्य सहयोगियों के खातों में ट्रांसफर कर लेते थे और विभिन्न माध्यमों से इसे निकाल लिया जाता था।

Comments (0)