वाराणसी। चितईपुर थाना पुलिस और एसओजी ने संयुक्त अभियान में लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में लिप्त 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गुरुवार को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अपराधी शेरु खान (40 वर्ष), पुत्र चुन्ने खान उर्फ मुस्ताक अहमद, निवासी काजीपुरा, गोदौलिया, वाराणसी, को बजरडीहा चौकी के पास से पकड़ा गया। पूछताछ में शेरु ने बताया कि 27 जुलाई 2024 की सुबह उसने अपने साथी विनोद भारती के साथ मिलकर चितईपुर स्थित विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला के गले से सोने की चेन छीनी थी। चेन बेचने के बाद विनोद ने शेरु को 4000 रुपये दिए थे, जिसमें से 1800 रुपये उसने खर्च कर दिए और शेष 2200 रुपये अपने ससुराल में छिपा दिए थे।
.jpeg)
इसके अतिरिक्त, शेरु ने 25 जुलाई 2024 को रोहनिया क्षेत्र में एक अन्य महिला की चेन लूटने की बात भी स्वीकार की। शेरु ने घटनाओं के बाद सूरत भागकर वहां शरण ली, और बीच-बीच में छिपते हुए वाराणसी आता-जाता रहा। दोनों ने मिलकर चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर महिलाओं को निशाना बनाया। विनोद बाइक चलाता था और शेरु चेन छीनने का काम करता था।

शेरु खान उर्फ राजू उर्फ हमीद, जो दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के काजीपुरा, गोदौलिया का रहने वाला है, के खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और पुलिस पर हमले शामिल हैं। गिरफ्तार करते समय पुलिस ने उसके पास से 2200 रुपये बरामद किए, जबकि लूटी गई चेन पहले से ही विनोद भारती से बरामद की जा चुकी थी।

Comments (0)