अयोध्या। रामनगरी में इस बार दीपोत्सव की जगमगाहट और भव्यता देखने लायक थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में 25 लाख दीयों से रोशनी बिखेरते हुए एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया गया। लेकिन इस समारोह के दौरान एक नई बहस भी छिड़ गई, जब समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद इसमें शामिल नहीं हुए।
उन्होंने शिकायत किया कि उन्हें इस भव्य आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण नहीं मिला। अवधेश प्रसाद ने एक मीडिया हाउस से फोन पर हुई बातचीत में बताया, ‘हमारे देश में त्योहारों की परंपरा और मान्यता को बीजेपी राजनीतिक मुद्दा बना रही है। बीजेपी देश को बांटने का काम कर रही है, जबकि हमारा विश्वास 'अनेकता में एकता' के सिद्धांत पर है। क्या यह त्योहार किसी एक समुदाय का है?’
अवधेश प्रसाद ने बताया कि दीपोत्सव के लिए पास और निमंत्रण कार्ड की व्यवस्था थी, लेकिन उन्हें कोई निमंत्रण नहीं मिला। उनका कहना था, ‘यह हमारा भी त्योहार है।’
इस पर संत समाज ने नाराजगी जताई। जगतगुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि सांसद को सबसे पहले दीपोत्सव में आना चाहिए था, लेकिन वे अनुपस्थित रहे। उन्होंने कहा, ‘यह अयोध्या में रामलला की प्रतिष्ठा के बाद की पहली दीपावली है, साधु-संतों में खास उत्साह है। विदेशों में भी लोग आज अयोध्या को देख रहे हैं। मगर कुछ राक्षस हैं, जैसे यहां का सांसद। सबसे पहले इस आयोजन में उनको आना चाहिए। मगर ये पापी लोग हैं।’
.jpeg)
करपात्री महाराज ने भी सांसद की अनुपस्थिति को दुर्भाग्य करार दिया और कहा, ‘अयोध्या के लोगों ने उन्हें चुना है, उन्हें इस आयोजन में जरूर आना चाहिए था।’
स्वामी दिवाकर आचार्य ने भी सांसद की अनुपस्थिति पर तीखा बयान देते हुए कहा कि अगर सांसद जल्दी नहीं दिखाई देते तो वे उनकी गुमशुदगी के पोस्टर लगवा देंगे। उन्होंने कहा, ‘रामलला अब अपने महल में विराजमान हो चुके हैं, और यह हिंदू आस्था के लिए अत्यंत भावुक क्षण है।’
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, ‘यह वर्ष अयोध्या के लिए अद्वितीय और असाधारण है। पांच सौ वर्षों का इंतजार समाप्त हुआ और रामलला के धाम में विराजमान होकर यह संदेश गया कि सही मार्ग से कभी विचलित नहीं होना चाहिए।’

Comments (0)