चंदौली। जनपद में निलंबन बहाली आदेश के बदले पैसे का लेन-देन का मामला बुधवार को सुर्खियों में रहा। उक्त मामले में वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एसपी आदित्य लांग्हे ने एसपी कार्यालय के प्रधान लिपिक विजय प्रताप सिंह और मुख्य आरक्षी यातायात महेश शुक्ल दोनों को ही निलंबित कर दिया है। सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। एसपी ने विभागीय जांच के निर्देश भी दे दिए हैं।


दरअसल पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर ने 14 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया एक्स पोस्ट करते हुए डीजीपी से कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि यातायात कर्मी महेश कुमार शुक्ल ने निलंबन के बाद बहाली आदेश जारी करने के बदले एसपी कार्यालय में बड़े बाबू विजय प्रताप सिंह को घूस दी। तत्कालीन एसपी के आदेश के बाद भी बड़े बाबू बहाली संबंधी आदेश जारी नहीं कर रहा था। कमोबेश यही स्थिति प्रदेश भर के पुलिस अधीनस्थों का है। 

 

वीडियो वायरल होने के बाद एसपी आदित्य लांघे ने सीओ को जांच सौंपी, जिसकी प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर दोनों ही पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया। बताया कि वीडियो तकरीबन दो माह पुराना यानी 12 जून का है। चार जून को मुख्य आरक्षी महेश कुमार शुक्ल निलंबित हुआ था। 12 जून को रुपये का लेन-देन हुआ और उसी दौरान वीडियो बनाई गई है। जांच आख्या के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।