वाराणसी में बुधवार रात लखनऊ-पटना वंदेभारत एक्सप्रेस पर शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। यह घटना चौकाघाट ढेलवरिया के पास घटी, जब ट्रेन धीमी गति से गुजर रही थी। अराजक तत्वों ने ट्रैक के किनारे पड़े पत्थरों को उठाकर ट्रेन पर फेंक दिया, जिससे सी-5 कोच के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई।
.jpeg)
कोच के अटेंडेंट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को रुकवाया और लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गार्ड ने ऑनलाइन मेमो जारी किया। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। संदिग्धों की तलाश में रेलवे ट्रैक के आसपास स्थित बस्तियों में दबिश दी गई और कई लोगों से पूछताछ की गई।

ट्रेन के पीडीडीयूनगर स्टेशन पर पहुंचने पर सुरक्षा बलों ने सी-5 कोच में सवार यात्रियों के बयान दर्ज किए। यात्रियों ने बताया कि गोमती नगर, लखनऊ से वाया अयोध्या होते हुए ट्रेन जब कैंट स्टेशन पर पहुंची और निर्धारित समय के बाद आगे बढ़ी, तभी ढेलवरिया के पास रात करीब साढ़े आठ बजे पथराव हुआ। इस दौरान 10, 11 और 12 नंबर की सीटों पर बैठे सहमे हुए यात्रियों ने घटना की शिकायत रेल मदद सेवा 139 पर की।
कैंट जीआरपी के इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने पुष्टि की कि इस पथराव में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है, और आरोपियों की तलाश जारी है।

Comments (0)