नई दिल्ली। देश में इन दिनों मौसम दोहरी मार कर रहा है—एक ओर लू की भीषण लपटें, दूसरी ओर तेज आंधी-तूफान और बारिश का कहर। खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार में स्थिति चिंताजनक रही, जहां 10 अप्रैल को मौसम जनित आपदा में 83 लोगों की जान चली गई। इनमें बिहार में 61 और यूपी में 22 लोगों की मौतें दर्ज की गईं।


भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को भी अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, असम और मेघालय में 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

 


गुरुवार को उत्तराखंड के चमोली जिले में बादल फटने की घटना ने भी स्थिति की गंभीरता को और बढ़ा दिया।


भीषण गर्मी से जल रहे राजस्थान और गुजरात


देश का एक बड़ा हिस्सा इस वक्त प्रचंड गर्मी से तप रहा है। राजस्थान के बाड़मेर में गुरुवार को पारा 44.3°C तक पहुंच गया, जो देश में सबसे अधिक था। गुजरात के अहमदाबाद में तापमान 43.3°C, गांधीनगर में 43.2°C, और राजकोट में 43°C तक रिकॉर्ड किया गया। राजधानी दिल्ली में भी पारा 40°C के करीब पहुंचने की संभावना है।


IMD के अनुसार, राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-NCR में लू चलेगी। मध्य प्रदेश के 30 जिलों और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 


12 अप्रैल: उत्तर से दक्षिण तक मौसम के तीखे तेवर


•    लू का प्रकोप: राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश में तापमान 40-45 डिग्री के बीच रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में हल्की लू चल सकती है।


•    बारिश की बौछारें: उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, असम, मेघालय, केरल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।


•    तेज हवाएं और तूफान: पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तेज आंधी चल सकती है।


•    बिजली गिरने की चेतावनी: पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और हिमाचल-उत्तराखंड में बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।


13 अप्रैल: थोड़ी राहत लेकिन खतरा बरकरार


•    गर्मी में मामूली राहत: राजस्थान और गुजरात में तापमान थोड़ा घटकर 42-43°C रहेगा। दिल्ली में 37-39 डिग्री अनुमानित है।


•    बारिश से फुहारें: उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की बारिश से कुछ राहत संभव। पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश जारी रहेगी।


•    तूफानी हवाएं: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना।


•    बिजली गिरने की आशंका: उत्तराखंड, बिहार और ओडिशा के लिए बिजली गिरने की चेतावनी जारी है।

 


राजस्थान में बदला मौसम, दिल्ली में राहत की फुहारें


गुरुवार को राजस्थान के कई शहरों में तेज धूलभरी आंधी और बारिश ने गर्मी से कुछ राहत दिलाई। हालांकि 15 जिलों में तापमान 42°C से ऊपर बना रहा। उधर, दिल्ली और एनसीआर में शाम को चली धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी।