नई दिल्ली। दक्षिण कश्मीर की सुरम्य बायसरन घाटी मंगलवार को उस समय दहल उठी, जब आतंकियों ने वहां मौजूद पर्यटकों पर अचानक गोलियों की बौछार कर दी। इस भयावह हमले में 27 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 17 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आतंकियों ने पर्यटकों को धर्म पूछकर गोली मारी थी। घटना के बाद पूरे देश में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ पड़ी, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की आपात बैठक बुलाई। इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल सहित सेना और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में हमले की गंभीरता, प्रारंभिक जांच के निष्कर्ष और जवाबी रणनीति को लेकर गहन चर्चा की गई। बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि आतंकियों और उनके मददगारों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
आतंकियों ने की थी योजनाबद्ध गोलीबारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बायसरन घाटी में हमला बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। हमलावरों ने करीब 20 मिनट तक अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक मारे गए। हमले के बाद सेना, एनआईए और अन्य खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं और पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। ड्रोन, हेलिकॉप्टर और आधुनिक सर्विलांस उपकरणों की मदद से इलाके की निगरानी की जा रही है।

दो स्थानीय, दो विदेशी आतंकी चिह्नित
जांच एजेंसियों को शुरुआती कामयाबी मिलती दिखाई दे रही है। सूत्रों के अनुसार, हमले में शामिल चार आतंकियों की पहचान हो चुकी है। इनमें से दो स्थानीय हैं – आदिल अहमद ठाकुर जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा बताया जा रहा है, और आशिफ शेख, जिसके तार जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं। इसके अलावा दो पाकिस्तानी आतंकियों की भी संलिप्तता सामने आई है। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि हमलावरों ने अपने शरीर पर बॉडी कैमरे लगाए हुए थे और पूरी घटना की रिकॉर्डिंग की गई।
श्रीनगर में दी गई अंतिम विदाई, देशभर में शोक
बुधवार को मृतकों के शव श्रीनगर स्थित पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) लाए गए, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद वहां पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है।

सरकार का दो टूक संदेश – कोई रहम नहीं
घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश है और केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस बर्बर हमले के दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Comments (0)